भोपाल-दिवाली पर दोस्त ने रसगुल्ला बताकर खिलाया सूअर बम ,युवक की दर्दनाक मौत
बम कहां से आया, इसकी जांच में जुटी पुलिस-आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
क्या होता है सुअरमार बम?
भोपाल(BNE)- मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक की कथित तौर पर सुअरमार बम के विस्फोट में जान चली गई। बताया जा रहा है कि उसके एक परिचित ने उसे बम को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया था। युवक ने जैसे ही उसे मिठाई समझकर मुंह में रखा और चबाया, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उसका जबड़ा और मुंह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना मंगलवार शाम पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र के रूप में हुई है। ‘द न्यू इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि युवक को जानबूझकर सुअरमार बम को मिठाई बताकर दिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आग के पास बैठा था युवक, तभी पहुंचा परिचित
डिंडौरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे राजेंद्र ने परिवार के साथ भोजन किया था। इसके बाद वह आंगन में आग के पास बैठकर ठंड से बच रहा था। इसी दौरान गांव में रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया।
दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान रामभगत ने कथित तौर पर राजेंद्र को एक सुअरमार बम यह कहते हुए दिया कि वह रसगुल्ला है। मिठाई समझकर राजेंद्र ने उसे मुंह में डाल लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, उसमें विस्फोट हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
धमाके के बाद राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है।
बम कहां से आया, इसकी जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में दहशत और हैरानी का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास सुअरमार बम कहां से आया और उसने राजेंद्र को इसे रसगुल्ला बताकर क्यों दिया। जांच एजेंसियां घटना के पीछे की मंशा और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
क्या होता है सुअरमार बम?
सुअरमार बम एक देसी विस्फोटक उपकरण होता है, जिसका इस्तेमाल जंगली सूअरों को मारने के लिए किया जाता है। इसे बारूद और पोटाश जैसे विस्फोटक पदार्थों से तैयार किया जाता है। इसमें हल्का दबाव पड़ने पर भी विस्फोट हो सकता है। ऐसे खतरनाक उपकरणों का इस्तेमाल अवैध शिकार में भी किया जाता है।










