



नई दिल्ली (BNE ) कांग्रेस नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गाँधी का आज 78वां जन्मदिन मनाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर शुभचिंतकों ने पोस्टर लगाए है ,जिसमे उन्हें बधाई दी गई है। वहीँ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सोनिया गाँधी को बधाई देते हुए लिखा गया कि “एक नेता जिनकी भारत और कांग्रेस पार्टी के संस्थापक सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और विश्वास एक प्रेरणा है। महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की वकालत करते हुए, उनके विजन ने लाखों हाशिए के लोगों के उत्थान और भारत के कल्याणकारी राज्य को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया।”इसके अलावा, मनरेगा, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और सूचना का अधिकार में सुधार के लिए उनके प्रयासों की सराहना की गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनकी दीर्घायु एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “श्रीमती सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बधाई। मैं उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सोनिया गांधी को हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की सच्ची चैंपियन बताया।
1998 में निर्वाचित सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की सबसे लम्बे समय तक अध्यक्ष रहने वाली अध्यक्ष थीं। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।
इस राजनेता ने 1997 में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस पार्टी की व्यापक मांग के जवाब में, उन्होंने राजनीतिक जीवन में प्रवेश किया और पार्टी की ओर से जोरदार प्रचार किया तथा अध्यक्ष चुनी गईं।