मुंबई के प्रमुख ठिकानो समेत अमिताभ बच्चन के आवास को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप
ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
बम निरोधक दस्तों ने की जांच
नई दिल्ली(BNE)- मुंबई में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एक धमकी भरे ईमेल में शहर के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इनमें बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला, मेयर कार्यालय और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी शामिल हैं। ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
कई महत्वपूर्ण स्थानों का किया गया जिक्र
धमकी भरे ईमेल में मुंबई के कई संवेदनशील और प्रमुख स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें मेयर कार्यालय, एक बैंक, अदालत, अमिताभ बच्चन का बंगला, महालक्ष्मी रेसकोर्स और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शामिल है। मेयर कार्यालय का विशेष रूप से उल्लेख किए जाने के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
बम निरोधक दस्तों ने की जांच
ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस की टीमों और बम निरोधक दस्तों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल के स्रोत और धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। फिलहाल सभी संबंधित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।










