नई दिल्ली-महिला होटल कर्मी के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप के वजह से भारत वापस भेजा गया भारतीय तैराक
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए आयोजकों ने पैरा एशियाई खेलों में भाग लेने वाले तैराकों की सूची से शम्स का नाम हटा दिया
नई दिल्ली (BNE) : पैरा एशियाई खेलों में भारतीय दल के सदस्य पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर जापान में एक महिला होटलकर्मी के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर भारत वापस भेज दिया गया। शम्स को बुधवार को 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में हिस्सा लेना था, लेकिन आरोपों के चलते वह प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शम्स से इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने फिलहाल इस संबंध में बात करने से इनकार कर दिया।
सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार को नागोया स्थित शेरेटन होटल में हुई, जहां भारतीय दल के सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि शम्स ने अपने कमरे में तौलिया मंगाने के बहाने होटल की एक महिला कर्मचारी को बुलाया और उसके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया। बताया जाता है कि घटना के बाद महिला कर्मचारी ने होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। होटल अधिकारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जापानी पुलिस ने जांच शुरू की। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस भारतीय दल के अधिकारियों के साथ उस स्टेडियम पहुंची, जहां शम्स मौजूद थे। वहां उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान शम्स ने शुरुआत में आरोपों से इनकार किया। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की संभावना जताई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय दल के अधिकारियों ने उन्हें संभावित कानूनी कार्रवाई के बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद जापानी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि मामले में भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शम्स से माफीनामा लिखवाया गया और उन्हें होटल छोड़ने के लिए कहा गया। इसके बाद शम्स ने कथित तौर पर अपने खर्च पर दूसरे होटल में ठहरने की व्यवस्था की। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना को गंभीरता से लेते हुए आयोजकों ने पैरा एशियाई खेलों में भाग लेने वाले तैराकों की सूची से शम्स का नाम हटा दिया। एशियाई पैरा स्वीमिंग महासंघ ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने मंगलवार रात शम्स को भारत वापस भेज दिया। भारतीय दल के शेफ डी मिशन राहुल स्वामी ने भी उनकी वापसी की पुष्टि की। राहुल स्वामी के मुताबिक, भारत लौटने के बाद शम्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसमें पैरा तैराकी प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाने जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।









