नई दिल्ली-अब घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे कुली-व्हीलचेयर; जानिए पूरी प्रक्रिया
बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को होगा सबसे अधिक फायदा
नई दिल्ली(BNE)- रेल यात्रियों के सफर को सुविधाजनक बनाने के लिए भारतीय रेलवे एक नई डिजिटल पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत अब यात्रियों को रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद सामान उठाने के लिए कुली तलाशने या बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यात्री घर बैठे ही ऑनलाइन कुली और व्हीलचेयर की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे।
इस सुविधा की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से अजमेर रेल मंडल में की जा रही है। इसके लिए मोबाइल एप और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। शुरुआती प्रयोग सफल रहने पर इसे देश के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है।
पीएनआर नंबर से बुक होगी व्हीलचेयर
रेलवे की ओर से दी जा रही ई-व्हीलचेयर सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने 10 अंकों के पीएनआर नंबर की जरूरत होगी। इसके लिए यात्री रेलवे की वेबसाइट irctctourism.com पर जाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बुकिंग के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध ‘More’ या ‘Services’ विकल्प में जाकर ‘At Stations’ सेक्शन के तहत ‘E-Wheelchair’ का चयन करना होगा। इसके बाद पीएनआर नंबर दर्ज कर सर्च करना होगा। स्क्रीन पर ट्रेन और यात्रा से संबंधित जानकारी दिखाई देगी।
यात्री अपनी जरूरत के अनुसार बोर्डिंग स्टेशन या गंतव्य स्टेशन पर व्हीलचेयर बुक कर सकते हैं। सभी जरूरी जानकारियां भरने के बाद ‘Book’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। बुकिंग पूरी होने पर मिलने वाले वाउचर या कन्फर्मेशन संदेश को मोबाइल या ईमेल में सुरक्षित रखा जा सकता है।
मोबाइल एप से पहले ही बुक कर सकेंगे कुली
रेलवे की नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने स्मार्टफोन से अधिकृत मोबाइल एप के माध्यम से कुली की अग्रिम बुकिंग भी कर सकेंगे। यह सुविधा भी ट्रेन टिकट के पीएनआर नंबर से जुड़ी होगी।
इससे कुली को यात्री की ट्रेन के आने-जाने का समय और अन्य जरूरी यात्रा संबंधी जानकारी पहले ही मिल सकेगी। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने पर सामान उठाने के लिए इधर-उधर भटकने या कुलियों से मोलभाव करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को होगा सबसे अधिक फायदा
रेलवे की इस पहल से सबसे ज्यादा राहत बुजुर्गों, बीमार लोगों और दिव्यांग यात्रियों को मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें स्टेशन पर व्हीलचेयर या सहायता उपलब्ध होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा परिवार के साथ यात्रा करने वाले और अधिक सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है। ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग से यात्रियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और रेलवे स्टेशनों पर यात्रा अनुभव को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।









