नई दिल्ली-11 को मोदी -पुतिन की होगी महत्वपूर्ण मुलाकात
नौ महीने में रूसी राष्ट्रपति का है दूसरा दौरा
नई दिल्ली(BNE)12-13 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से ठीक पहले शुक्रवार (11 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि मॉस्को, भारत के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को अत्यंत महत्त्वपूर्ण मानता है। पेसकोव ने दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों को रेखांकित करते हुए बताया कि भारत और रूस के बीच ज्यादातर व्यापारिक भुगतान अब अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं (रुपया और रूबल) में ही किया जा रहा है। सुरक्षा, स्पेस, ऊर्जा, परिवहन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं।
दोनों शीर्ष नेता लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और हाल के महीनों में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई मिली है। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी और पुतिन की इस मुलाकात में कई महत्त्वपूर्ण वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। भारतीय कंपनियां रूसी बाजार में अपनी पैठ बढ़ाने में रुचि दिखा रही हैं, वहीं रूस भी भारतीय बाजार में अपने उत्पादों और व्यवसायों की मौजूदगी बढ़ाने के लिए उत्सुक है। जारी सैन्य संघर्ष और मोर्चे की मौजूदा स्थिति पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत होने की उम्मीद है। बता दें कि नौ महीने में पुतिन की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले पुतिन चार दिसंबर, 2025 को भारत आए थे।
एसयू-57 डील और व्यापार पर चर्चा होने की उम्मीद
बैठक में रूस के एसयू-57 फाइटर जेट की भारत को संभावित बिक्री पर चर्चा शामिल है। एजेंडे में व्यापार और आर्थिक सहयोग पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। दमित्री पेस्कोव ने रूसी कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की अमरीका की प्रस्तावित योजना की भी आलोचना की और इस कदम को गैर-कानूनी और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि रूस भारत को तेल देने के लिए पूरी तरह तैयार है।










