UP NEWS-राजधानी लखनऊ में अचानक हुई तेज बारिश ,चली तेज हवाएं
लखनऊ (BNE )उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुबह सुबह मौसम ने ऐसा करवट लिया की देखते ही देखते काले बादलों ने आसमान को ढक लिया और तेज बारिश ने आम जनजीवन को बाधित कर दिया। जो लोग सुबह सुबह गुनगुनी धुप में बाहर निकल गए थे उन्हें बारिश ने भिगो दिया।
पिछले कई दिनों से तेज धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से राहत जरूर मिली, लेकिन अचानक बदले मौसम ने कई लोगों को परेशानी में भी डाल दिया।
सुबह धूप देखकर निकले लोग, बारिश ने कर दिया हैरान
शहर में सुबह जब लोग अपने काम के लिए घर से निकले, तब मौसम बिल्कुल साफ था। लेकिन कुछ ही देर में बादल घिर आए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कई लोग जो बिना छाता या रेनकोट के घर से निकले थे, उन्हें रास्ते में ही रुकना पड़ा। दरअसल गुरुवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। देर रात शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई थी। इसके कारण कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई।
अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए India Meteorological Department ने अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले इलाकों, पेड़ों के नीचे और कमजोर ढांचों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है।
आलू किसानों की बढ़ी चिंता
इस समय कई जिलों में खेतों में आलू की खुदाई चल रही है। कई जगहों पर आलू खेतों में खुदाई के लिए पड़ा हुआ है। ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। अगर तेज बारिश या ओले पड़ते हैं तो खेतों में पड़ा आलू खराब हो सकता है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी
इस बार मार्च के महीने में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। कई दिनों से तापमान तेजी से बढ़ रहा था और लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही थी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री से ज्यादा का अंतर देखा गया। वहीं हवा में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 81 प्रतिशत तक पहुंच गया था।
तेज आंधी और हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई। कुछ जगहों पर फॉल्ट आने से बिजली कुछ समय के लिए बंद हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बिजली विभाग की टीम ने देर रात तक मरम्मत का काम पूरा कर सप्लाई को फिर से सामान्य कर दिया।










