राज्यपाल के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में नामांकन वृद्धि हेतु विशेष शिविर आयोजित
अभियान के अंतर्गत चयनित टीम द्वारा वार्ड क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों से संवाद स्थापित कर उनके बच्चों का जन भवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय में नामांकन कराने हेतु प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुति के माध्यम से विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, नवाचारों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, श्री राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आदर्श माध्यमिक विद्यालय पर आधारित प्रस्तुत डॉक्यूमेंट्री केवल एक झलक है, जबकि इसकी वास्तविक उपलब्धियां और संभावनाएं इससे कहीं अधिक व्यापक हैं। उन्होंने कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से जन भवन में कार्यरत हैं और इस अवधि में उन्होंने विद्यार्थियों में निरंतर आत्मविश्वास एवं क्षमता का विकास होते हुए देखा है।
उन्होंने कहा कि जन भवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बहुत ही आत्मविश्वास और क्षमता के साथ अपनी बात रखी। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों का नामांकन इस विद्यालय में कराएं, ताकि उनमें भी इसी प्रकार की क्षमता और आत्मविश्वास विकसित हो सके। उन्होंने बताया कि राज्यपाल महोदया बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने पर विशेष बल देती हैं।
डॉ. बोबडे ने विद्यालय की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां विद्यार्थियों को पीएसओ कर्मियों द्वारा बैंड प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। साथ ही विद्यालय में आधुनिक सुविधाएं जैसे ग्रीन बिल्डिंग डिजाइन, सोलर पैनल, सीसीटीवी निगरानी, मध्यान्ह भोजन की समुचित व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, स्पेस लैब तथा रोबोटिक्स लैब आदि उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि जन भवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय अपने नाम के अनुरूप विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थी भविष्य में अपने परिवार एवं समाज का गौरव बढ़ाएंगे।
डॉ. बोबडे ने यह भी कहा कि राज्यपाल के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं और लक्ष्य “केजी से पीजी तक” गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से जन भवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अपने बच्चों का नामांकन कराने का आह्वान किया, ताकि वे उपलब्ध सुविधाओं का पूर्ण लाभ उठा सकें।
जन भवन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा माननीय राज्यपाल के नेतृत्व में विद्यालय में किए गए विकास कार्यों तथा प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों से भी अवगत कराया गया। विद्यालय की प्रमुख विशेषताओं जैसे स्मार्ट क्लास, स्पेस लैब, रोबोटिक्स लैब, खेल सुविधाएं, विस्तृत खेल मैदान एवं स्केटिंग जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी विस्तारपूर्वक दी गई। साथ ही, विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा के महत्व एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं पर अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य बच्चों को विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विशेष सचिव, राज्यपाल, श्रीप्रकाश गुप्ता, परिसहाय, राज्यपाल, पुनीत द्विवेदी, स्थानीय पार्षद, जन भवन के अधिकारीगण, शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, शिक्षकगण, विद्यार्थीगण एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।









