आरोपी कार चालक विजय गिरफ्तार,एसआईटी का गठन किया,जांच हुई तेज- एसपी
चरखी दादरी(BNE) 19 जनवरी को सड़क हादसे में ओलंपिक शूटर मनु भाकर की नानी सावित्री देवी और मामा युद्धवीर की दादरी में मौत हो गयी थी। अब इस सड़क हादसे में हुई मौत को परिजन हत्या की आशंका बता रहे है। इस मामले में अब नई सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका को बल मिल रहा है।
मनु भाकर ने जांच की मांग की
इस मामले में ओलंपिक शूटर मनु भाकर और उनकी माँ सुमेधा भाकर ने पुलिस प्रशासन से ठोस कारवाही की मांग की है। मनु भाकर ने खुद इस मामले को लेकर एसपी अर्श वर्मा से फोन पर बात की और अपनी नानी और मामा की हत्या की संभावना को लेकर चिंता जताई। मनु की मां ने अपने भतीजे के साथ एसपी से मुलाकात की और सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए मामले में सख्त कदम उठाने की अपील की।
एसआईटी का गठन किया,जांच हुई तेज- एसपी
एसपी अर्श वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी की अध्यक्षता में एक एसआईटी का गठन किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के बाद कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम विजय कुमार है और वह गांव पिचोपा कलां का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और जल्द ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दोनों की मौत एक साथ हुई थी, यह हमारे लिए असहनीय था-सुमेधा भाकर
मनु की माता सुमेधा भाकर ने कहा कि यह घटना 19 जनवरी की है। मैंने मनु को तैयार कर रेंज पर भेज दिया था। अचानक भतीजे का फोन आया और उसने बताया कि पापा नहीं रहे। फिर मैंने मनु को रेंज से वापस बुलाया और कहा कि नानी के पास जाना था, लेकिन मनु को इसके बारे में नहीं बताया था। मैंने अपनी छोटी भाभी को फोन किया और पूछा कि मेरी मां कैसी हैं, तो उसने कहा कि मां ठीक है, आप घर जल्दी आ जाओ। लेकिन रास्ते में ही भतीजे की बहू के मुंह से यह निकल गया कि दादी भी नहीं रही। यह सुनकर मुझे एकदम धक्का लगा। दोनों की मौत एक साथ हुई थी, यह हमारे लिए असहनीय था। हमने कभी भी ऐसा माहौल नहीं देखा था।
सिटी पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को कुछ और सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 19 जनवरी को भिवानी-महेंद्रगढ़ बाईपास पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने स्कूटी सवार मनु भाकर की नानी सावित्री देवी और मामा युद्धवीर को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई थी।










