T20 वर्ल्ड कप 2026:जिम्बाब्वे ने 19 साल बाद दोहराया इतिहास
जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से रौंदा
कोलंबो :आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट जगत को एक बड़ा झटका तब लगा जब जिम्बाब्वे की टीम ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के 19वें मुकाबले में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से करारी शिकस्त दे दी। इस टूर्नामेंट के इतिहास में यह लगातार दूसरी बार है जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को धूल चटाई है। इससे पहले साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में भी जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सबको चौंका दिया था। अब 19 साल बाद इतिहास दोहराते हुए जिम्बाब्वे ने यह साबित कर दिया है कि टी20 प्रारूप में किसी भी टीम को कम नहीं आंका जा सकता।
कंगारू टीम की खराब शुरुआत, 29 रन पर गिर गए थे 4 विकेट
जिम्बाब्वे द्वारा दिए गए 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालात यह थे कि जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड और ट्रेविस हेड जैसे दिग्गज बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सके और महज 29 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने अपने चार अहम विकेट गंवा दिए।
इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 59 गेंदों में 77 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों को जिंदा रखा। ऐसा लग रहा था कि यह जोड़ी मैच को जिम्बाब्वे की पकड़ से दूर ले जाएगी, लेकिन तभी रयान बर्ल ने मैक्सवेल को 31 रन के निजी स्कोर पर आउट करके इस खतरनाक होती साझेदारी को तोड़ दिया। मैक्सवेल के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। मार्कस स्टोइनिस और बेन ड्वारशुइस भी कुछ खास नहीं कर पाए और 6-6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अंत में मैट रेनशॉ ने 44 गेंदों में 65 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन 139 रन के स्कोर पर उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो गई। एडम जाम्पा भी मात्र दो रन बनाकर बोल्ड हो गए।
बेनेट और रजा ने जिम्बाब्वे को पहुंचाया मजबूत स्कोर तक
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो उन पर भारी पड़ा। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 169 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे की तरफ से ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 64 रनों की संयमित पारी खेली और एक छोर संभाले रखा। उनका साथ विकेटकीपर तादिवानाशे मारुमानी और रयान बर्ल ने दिया, जिन्होंने 35-35 रनों का उपयोगी योगदान दिया। अंत में कप्तान सिकंदर रजा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 13 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण में इस मैच में पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी साफ खली। उनकी अनुपस्थिति में गेंदबाजी में वह धार नजर नहीं आई, जिसका फायदा जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने उठाया। यहां तक कि स्पिन के जादूगर कहे जाने वाले एडम जाम्पा भी जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सके। उन्होंने अपने चार ओवरों में 31 रन दिए और उन्हें कोई भी विकेट नहीं मिला। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केवल मार्कस स्टोइनिस और कैमरन ग्रीन ही एक-एक विकेट हासिल कर सके।










