Sushant Singh Rajput
(BNE डेस्क) दिवंगत फिल्म स्टार सुशांत सिंह राजपूत भले ही हम सबके बीच में नहीं है, लेकिन आज भी लाखों लोगों के दिलों में वह जिन्दा है ,उनके अभिनय और सरलता के दीवाने है। आज उनका जन्मदिन है। जन्मदिन के अवसर पर आज फिर सभी फैंस सुशांत सिंह को याद कर भावुक हो रहे है। कई सारे फैंस उनकी याद में आज जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की यादें साझा कर रहे है। सोशल मीडिया पर उनकी सादगी और अभिनय की तारीफों के पुल बांधे जा रहे है। आज हम आपको सुशांत सिंह राजपूत के करियर की उन पांच बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने उन्हें बॉलीवुड स्टार बना दिया। उन फिल्मों की लिस्ट इस स्टोरी में पूरी जानकारी के साथ मिलेगी।
,
काई पो चे – 2013
काई पो चे सुशांत सिंह राजपूत की पहली फिल्म थी, जिससे उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक कपूर ने किया था। इसमें सुशांत के साथ राजकुमार राव और अमित साध भी मुख्य भूमिका में थे। इसमें सुशांत ने एक क्रिकेटर की भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपनी पहली फिल्म से ही सभी को प्रभावित किया था। इस फिल्म के लिए उन्होंने कई पुरस्कार भी जीते थे।
,
डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी – 2015
डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी न केवल सुशांत सिंह राजपूत की बल्कि बॉलीवुड की भी सबसे कम आंकी गई फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में सुशांत ने बंगाली जासूस ब्योमकेश बख्शी का किरदार निभाया था। इसे दिबाकर बनर्जी ने निर्देशित किया था। यह फिल्म यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी थी। इस फिल्म को फिल्म समीक्षकों ने खूब पसंद किया और सुशांत को एक अभिनेता के तौर पर नई पहचान मिली।
,
एमएस धोनी – 2016
भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित इस फिल्म के लिए सुशांत ने खूब मेहनत की थी। जब यह फिल्म दर्शकों के सामने आई तो सभी ने कहा कि इस किरदार को सुशांत से बेहतर कोई नहीं निभा सकता था। यह सुशांत के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया था। इसके बाद सुशांत बॉलीवुड के स्टार अभिनेता बन गए।
,
सोनचिड़िया – 2019
2019 में रिलीज हुई यह फिल्म काफी कम बजट की फिल्म थी। इस फिल्म को ज्यादा हाइप तो नहीं मिली लेकिन इस फिल्म में सुशांत ने बिल्कुल अलग डकैत का किरदार निभाया था। इसका निर्देशन अभिषेक चौबे ने किया था। इसमें सुशांत के साथ कई बेहतरीन कलाकार थे, जिनमें मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा, रणवीर शौरी और भूमि पेडनेकर शामिल हैं।
,
छिछोरे-2019
छिछोरे सुशांत की आखिरी फिल्म थी जो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी. यह सुशांत की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी. यह साल 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल थी. इसका निर्देशन ‘दंगल’ फेम डायरेक्टर नितेश तिवारी ने किया था. इस फिल्म के बाद ही सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया था. हालांकि उनकी आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ थी जो उनके निधन के बाद 2020 में ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी।