



शिखर धवन की लताड़ के बाद भी नहीं सुधरे शाहिद अफरीदी, भारतीय सेना पर फिर उठाए सवाल
पहलगाम हमले पर अफरीदी के विवादित बयान से भड़के धवन, बोले– “पहले ही इतना गिर चुके हो, अब और कितना गिरोगे”, भारत सरकार ने उठाया सख्त कदम
पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी को भारतीय सेना के खिलाफ बयान देने पर जमकर लताड़ लगाई है। अफरीदी ने एक पाकिस्तानी चैनल पर बैठकर पहलगाम हमले को लेकर भारतीय सेना पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद भारतीय फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स का गुस्सा फूट पड़ा।
शिखर धवन ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अफरीदी को करारा जवाब देते हुए लिखा, “कारगिल में भी हराया था। पहले ही इतना गिरे हुए हो और कितना गिरोगे। बेवजह कमेंट्स पास करने से अच्छा है अपने देश की तरक्की में दिमाग लगाओ।” उन्होंने आगे लिखा, “हमें हमारी इंडियन आर्मी पर बहुत गर्व है। भारत माता की जय, जय हिंद।”
धवन ने भारतीय सेना के अफसरों के साथ एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें वे सैनिकों के साथ “भारत माता की जय” के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, “एक दिल, एक आवाज। कश्मीर हमारा था, है और रहेगा।”
धवन के इस दो टूक बयान के बाद सोशल मीडिया पर अफरीदी की जमकर आलोचना हो रही है। वहीं भारत सरकार ने भी सख्त रुख अपनाते हुए शोएब अख्तर, राशिद लतीफ, कामरान अकमल सहित कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के यूट्यूब चैनल्स को भारत में बैन कर दिया है।
गौरतलब है कि शिखर धवन ने अगस्त 2024 में सभी फॉर्मेट्स से संन्यास लिया था। उन्होंने भारत के लिए 10,867 रन बनाए और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे।