रियाद-सऊदी अरब ने ईरानी दूतावास के अधिकारियों को तत्काल देश छोड़ने का आदेश दिया
रियाद (BNE ) :ईरान -इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बाद सऊदी अरब ने कड़ा रुख अपनाते हुए ईरानी दूतावास के अधिकारियों को तत्काल देश छोड़ने का आदेश दिया है। विदेश मंत्रालय ने रविवार सुबह जारी निर्देश में कहा कि सभी ईरानी अधिकारी 24 घंटे के भीतर सऊदी अरब छोड़ दें।
सऊदी विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन किया है। एक जिम्मेदार पड़ोसी को दूसरे देशों की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए, लेकिन ईरान इस सिद्धांत का पालन करने में विफल रहा है। मंत्रालय ने यह भी आरोप लगाया कि तेहरान ने बीजिंग समझौते और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का उल्लंघन किया है, जिससे इस्लामिक एकता पर भी खतरा पैदा हुआ है।
सऊदी अरब ने कहा कि बार-बार चेतावनी के बावजूद ईरान पड़ोसी देशों को निशाना बना रहा है, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उसने स्पष्ट किया कि अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक हर कदम उठाया जाएगा। इसी बीच, सऊदी प्रशासन ने एक ईरानी ड्रोन को मार गिराने की पुष्टि की है। साथ ही, रियाद की ओर दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया।









