थाईलैंड में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में बोले पीएम मोदी – “हमारे प्रयास लाएंगे सकारात्मक बदलाव”, यूपीआई को क्षेत्रीय भुगतान प्रणाली से जोड़ने का प्रस्ताव
छठे बिम्सटेक सम्मेलन में क्षेत्रीय सहयोग, व्यापार, और डिजिटलीकरण पर जोर, मोदी और यूनुस की मुलाकात ने भी खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित छठे बिम्सटेक (बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा, “हमारे साझा प्रयास लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएँगे।” उन्होंने 28 मार्च को म्यांमार और थाईलैंड में आए भूकंप के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई और सभी नेताओं ने एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों को साझा करते हुए बिम्सटेक देशों को भारत की यूपीआई प्रणाली से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन और लेन-देन में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
सम्मेलन से पहले आयोजित रात्रिभोज में पीएम मोदी की मुलाकात बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से भी हुई, जिनके साथ हाल ही में भारत के संबंधों में तनाव देखा गया था। यह मुलाकात कूटनीतिक दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है।
पीएम मोदी की म्यांमार के वरिष्ठ जनरल आंग ह्लाइंग से भी बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा की गई। बिम्सटेक सम्मेलन के ज़रिए भारत ने एक बार फिर क्षेत्रीय नेतृत्व और सहयोग को नया आयाम देने का प्रयास किया है।









