



भारत के आयात प्रतिबंध का पलटवार! पाकिस्तान ने भारतीय जहाजों के लिए बंद किए बंदरगाह
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा भारत-पाक तनाव, समुद्री व्यापार भी ठप; दोनों देशों ने एक-दूसरे के मालवाहक जहाजों की आवाजाही पर लगाई रोक
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। भारत द्वारा पाकिस्तान से सभी वस्तुओं के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बाद, अब पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय जहाजों के लिए अपने सभी बंदरगाहों को बंद कर दिया है।
पाकिस्तान के समुद्री मामलों के मंत्रालय ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और समुद्री संप्रभुता की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेश के मुताबिक, “भारतीय ध्वजवाहकों को किसी भी पाकिस्तानी बंदरगाह पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा, और पाकिस्तानी जहाज भी किसी भारतीय बंदरगाह पर नहीं जाएंगे। किसी भी अपवाद की समीक्षा केवल केस-दर-केस आधार पर की जाएगी।”
भारत सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तान से सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयातों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के तहत लिया गया है। गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद भी भारत ने पाकिस्तानी वस्तुओं पर 200% आयात शुल्क लगाया था।
सुरक्षा एजेंसियों ने भी हरकत तेज कर दी है। बीएसएफ ने श्रीगंगानगर बॉर्डर के पास एक पाकिस्तानी रेंजर को पकड़ा है, जो अवैध रूप से भारतीय सीमा में घुस आया था।
भारत-पाक के बीच व्यापारिक रिश्ते अब लगभग समाप्ति की कगार पर हैं। क्या यह सिर्फ एक कूटनीतिक युद्ध है या आने वाले दिनों में और बड़ा भूचाल आने वाला है—इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।