NEW DELHI-बेकाबू तेज रफ्तार ऑडी कार ने फुटपाथ पर सो रहे 5 लोगों को कुचला ,आरोपी गिरफ्तार
यह हादसा देर रात करीब 1.30 बजे की हुआ, जब सभी पीड़ित मुनिरका फ्लाईओवर के नीचे शिवा कैंप के सामने फुटपाथ पर सो रहे थे।
नई दिल्ली(BNE) राजधानी दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शनिवार रात एक बेकाबू तेज रफ्तार ऑडी ने सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को कुचल दिया इसमें एक बच्ची भी शामिल है। इन सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यही नहीं ,इस हादसे के बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीक के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 1.30 बजे की हुआ, जब सभी पीड़ित मुनिरका फ्लाईओवर के नीचे शिवा कैंप के सामने फुटपाथ पर सो रहे थे। उसी समय तेज गति से आ रही एक ऑडी कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सो रहे लोगों को कुचलते हुए वहां से फरार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक राहगीर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार का नंबर नोट कर लिया और पीड़ित परिवार को इसकी जानकारी दी। Also Read – तेलुगु सिनेमा के दिग्गज कोटा श्रीनिवास राव का निधन, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने जताया शोक घायलों की पहचान लाधी (40), बिमला (8), सबामी उर्फ चिरमा (45), नारायणी (35), और रामचंद्र (45) के रूप में हुई है। सभी राजस्थान के निवासी हैं और दिल्ली में मजदूरी कर गुजारा करते हैं। पीड़ित सबामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपने परिवार के साथ दिल्ली में फुटपाथ पर रहकर मजदूरी करते हैं। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान शंकर विहार आर्मी कैंप के पास एक और हादसे की सूचना मिली, जहां एक ऑडी कार ने ट्रक में पीछे से टक्कर मारी थी। गश्त कर रहे सेना के जवानों ने चालक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और कार का नंबर जांचा, तो पुष्टि हुई कि यही वही कार थी जिसने वसंत विहार में हादसा किया था।
आरोपी की पहचान द्वारका निवासी उत्सव शेखर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।









