नई दिल्ली(BNE ) देश के नेताओं ने गिरगिट के रंग बदलने की कहावत को झुठला दिया। कल तक आम आदमी पार्टी सरकार में परिवहन मंत्री के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके कैलाश गहलोत ने आज भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर केंद्र सरकार में केबिनट मंत्री मनोहर लाल खट्टर ,भाजपा उपाध्यक्ष विजयंत पांडा, पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने कैलाश गहलोत को अंगवस्त्र पहनाकर और सदस्यता पर्ची सौंप कर भाजपा में स्वागत किया।
इस अवसर पर कैलाश गहलोत ने कहा कि वह किसी दबाव में आकर भाजपा में नहीं आए हैं। आज तक कभी किसी के दबाव में आकर कोई काम नहीं किया। वह अन्ना हजारे के आंदोलन में शामिल हो कर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी की सेवा के लिए राजनीति में आए थे। उनकी तरह ही लाखों कार्यकर्ता विचार से जुड़े थे। लेकिन 2015 से दिन रात पूरा समय केंद्र सरकार से लड़ाई लड़ते हुए बीते। आम आदमी पार्टी के विचारों का क्षरण होते देखा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास केंद्र सरकार के सहयोग और समर्थन के बिना नहीं हो सकता है। उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी प्रतिबद्धता से करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और अन्य नेताओं से मार्गदर्शन लेकर काम करेंगे।