NEW DELHI-सोने की कीमतें 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार कर सकती हैं-जेफरीज
नई दिल्ली(BNE )– सोना हो या फिर चांदी। दोनों के दाम आसमान छू रहे है ,और आम लोगों के हाथ से ये कीमती सामान पहुंच से दूर होता जा रहा है। हर दिन ये दोनों कीमती सामान नए नए रिकॉर्ड बना रहे है। दोपहर 3 बजे तक एमसीएक्स पर 24 कैरेट सोने का भाव 1,09,410 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) में यह 1,10,167 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
जेफरीज का बड़ा अनुमान
अमेरिकी वित्तीय संस्थान Jefferies ने दावा किया है कि आने वाले समय में सोने की कीमतें 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार कर सकती हैं। संस्थान का कहना है कि मौजूदा तकनीकी और आर्थिक रुझानों को देखते हुए सोने की कीमत 205,244 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।
ऐतिहासिक तुलना से मिली भविष्यवाणी
रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 1980 में सोना बुल मार्केट के चरम पर था, जब इसकी कीमत अमेरिका की प्रति व्यक्ति खर्च योग्य आय के 9.9% के बराबर थी। उस समय अमेरिका में प्रति व्यक्ति आय 8,551 डॉलर और सोने का भाव 850 डॉलर प्रति औंस था। आज अमेरिका में प्रति व्यक्ति खर्च योग्य आय 66,100 डॉलर है और सोने की कीमत 3,670 डॉलर प्रति औंस पर चल रही है, यानी यह आय का लगभग 5.6% है। जेफरीज का कहना है कि अगर यह अनुपात फिर से 9.9% तक पहुंचता है, तो सोने का भाव 6,600 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है, जो भारतीय बाजार में करीब 2.05 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम बैठेगा।









