



NEW DELHI :सुबह 3 बजे लोग सो रहे थे अचानक भरभराकर गिर गयी बिल्डिंग ,6 लोगों की मौत दर्जनों घायल
राजधानी के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार सुबह हुआ ये हादसा
चार मंजिला इमारत में 20 से 25 लोग रह रहे थे। इमारत ढहने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
नई दिल्ली (BNE ) राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार सुबह सुबह एक चार मंजिला मकान अचानक से भरभराकर गिर गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर मिल रही है। और कई लोगों के फसें होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। और शवों को बरामद कर विधिक कारवाही के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई।
:
उत्तर पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि 14 लोगों को बचा लिया गया है। लांबा ने कहा कि 14 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन उनमें से छह की मौत हो गई। यह चार मंजिला इमारत थी, बचाव अभियान जारी है। अभी भी आठ से दस लोगों के फंसे होने की आशंका है।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव का कार्य किया जा रहा है। चार मंजिला इमारत में 20 से 25 लोग रह रहे थे। इमारत ढहने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।
डिवीजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सुबह करीब 2:50 बजे एक कॉल मिली। उन्होंने कहा, ” हमें सुबह करीब 2:50 बजे एक घर ढहने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।” शुक्रवार रात राजधानी दिल्ली के मौसम में अचानक आए बदलाव के कुछ ही घंटों बाद घर ढहने की घटना हुई।
शनिवार के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शनिवार शाम तक ऐसा ही होगा। शाम को बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके साथ-साथ गरज के साथ छींटे, बिजली और धूल भरी आंधी के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।