मोहसिना किदवई जी का निधन एक युग का अंत- अजय राय
लखनऊ(BNE)वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रही मोहसिना किदवई जी के निधन पर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व0 मोहसिना किदवई जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
मोहसिना किदवई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय राय जी ने कहा कि मोहसिना किदवई जी का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन अत्यंत प्रेरणादायी रहा है। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में ही नेहरू भवन कांग्रेस का अपना कार्यालय बन पाया और उसके उपरांत अभी कुछ दिनों पहले ही उन्होंने पॉवर ऑफ अटर्नी पर हस्ताक्षर करके नेहरू भवन को अध्यक्ष उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के नाम करने का मार्ग प्रशस्त किया। इस तरह जाते-जाते भी वह पार्टी का एक बड़ा काम कर गई।
श्री राय ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में हमेशा जनसेवा और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा और उनका आदर्श हम सभी के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, अखिलेश प्रताप सिंह, पप्पू चौधरी, निवर्तमान प्रदेश कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, पूर्व मंत्री डॉ0 सी0पी0 राय, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, डॉ0 उमा शंकर पाण्डेय, सचिन रावत, डॉ0 अमित राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेन्द्र मदान, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, ओंकारनाथ सिंह, अनुसुईया शर्मा, डॉ0 लालती देवी, रमेश मिश्रा, सिद्धिश्री, विकास श्रीवास्तव, बृजेन्द्र सिंह, प्रमोद सिंह, डॉ0 जियाराम वर्मा, उबैद नासिर, रेहान गनी, हम्माम वहीद, सुबोध श्रीवास्तव, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, योगेश्वर सिंह, श्याम जी, मारूफ खान, डॉ0 रिचा शर्मा, विनोद मिश्रा, आर0 पी0 सिंह, साबरा खातून आदि शोक सभा उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व0 मोहसिना किदवई जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।










