
कन्नौज: लोग विदाई के बाद विदेश घूमने जाते है, योगी जी पहले ही चले गए
एआई समिट से शंकराचार्य तक हर मुद्दे पर बोले अखिलेश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। ‘वैसे तो लोग विदाई के बाद विदेश घूमने जाते हैं लेकिन, योगी ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो विदाई से पहले ही जापान चले गए। यही नहीं, दुनिया के डेलीगेट्स के सामने चीन का डॉग दिखाकर भाजपा ने देश की बदनामी कराई। अब वह सड़क पर डॉग देखकर भी घबरा रहे हैं।’
यह बात सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सीएम योगी के जापान दौरै पर तंज कसते हुए कही। अखिलेश शनिवार को कन्नौज में तिर्वा के खैरनगर रोड पर रहने वाले शिव सिंह यादव के घर आए थे। उन्होंने शिव सिंह के पिता लक्ष्मीनारायण यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिलेश ने बिना नाम लिए डिप्टी सीएम केशव मौर्य के जर्मनी दौरे को लेकर कहा कि इन लोगों में एक राय नहीं है। कोई पूर्व में गया, तो कोई पश्चिम में। जो जर्मनी गए थे, वो वहां मर्सिडीज म्यूजियम नहीं गए क्योंकि, अपने यहां मर्सिडीज एक स्टेस्ट सिंबल है। शायद वो ये समझ गए कि इसे देखने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि वो मर्सिडीज में बैठ नही पाएंगे।
9 साल में सिर्फ मोबाइल कवर बना पाए
अखिलेश ने कहा- सरकार अमेरिका से डील कर रही है। चीन का बाजार छिन रहा है, इजरायल को देश का पूरा कारोबार दे रहे हैं। इससे हमारे बच्चों का भविष्य क्या होगा? दिल्ली की 11 साल और यूपी की 9 साल की सरकार में ये लोग देश को क्या दे पाए? सिर्फ मोबाइल का कवर बना पाए।
अगर काम होता तो मोबाइल के कैमरे, ग्लास गार्ड भी अपने देश में बन रहा होता लेकिन हम लोग सिर्फ कवर बना पाए। सरकार ने युवाओं को सेल्फी लेना सिखा दिया। अब युवा इसमें अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। उनके पास रोजगार नहीं है।
अखिलेश ने जापान की हाई स्पीड ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा- ट्रेन में बैठकर मुख्यमंत्री उंगली दिखा रहे थे। शायद उनका इशारा होगा कि हम 500 की स्पीड से ट्रेन नहीं चला पाएंगे। उन्होंने ये मान लिया कि हमसे नहीं हो पाएगा।
शंकराचार्य मुद्दे पर बोले भाजपाई किसी भी स्तर तक गिर सकते
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद मामले को लेकर अखिलेश ने कोर्ट को धन्यवाद दिया। कहा कि भाजपा के लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। ये लोग किसी भी सीमा तक गिर सकते हैं।
केजरीवाल से सरकार छीन ली
अखिलेश यादव ने कहा- गरीबों के लिए काम करने वाले अरविंद केजरीवाल पर मुकदमा लगाकर उनकी सरकार भाजपाइयों ने छीन ली। ये नैतिकता की हत्या है। कोर्ट ने उन्हें बेकसूर साबित कर दिया। इससे भाजपा की साजिश सामने आ गई है।
गाय की बात पर काऊ मिल्क प्लांट बन्द
भाजपा के लोग झूठ के सहारे सत्ता में हैं।
उनका मूलभूत सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं। बिजली की महंगाई पर अंकुश नहीं। अस्पतालों की हालत खराब है। कैंसर इंस्टिट्यूट ठप पड़े हैं। गाय की बात करने वालों की सरकार में कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट ठप हो गया।
जेपीएनआईसी बर्बाद कर दिया
अखिलेश यादव ने कहा- लखनऊ में जय प्रकाश नारायण के नाम पर स्मारक जेपीएन आईसी को इन्होंने बर्बाद कर दिया। अब यह धीरे-धीरे खुल रहा है, अफसर समझ गए हैं कि सपा आ रही है।
अखिलेश ने कहा- लखनऊ में जय प्रकाश नारायण के नाम पर स्मारक को इन्होंने बर्बाद कर दिया जबकि, भाजपा के गठन के बाद उनके पहले अधिवेशन में उन्होंने खुद को समाजवादी साबित करने के लिए जय प्रकाश जी की तस्वीर का इस्तेमाल किया था। अब अधिकारियों को पता लग गया है कि सरकार समाजवादियों की आने वाली है। इसलिए वो धीरे-धीरे खुल रहा है। अभी पार्किंग खुली है, फिर अंदर भी खुलेगा। फिर समाजवादियों को दे दिया जाएगा।
Post Views: 3