
कन्नौज: जिले ने गढ़ा कीर्तिमान, रोपे गए चालीस लाख से ज्यादा पौधे
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जिले में आज का दिन वृक्षरोपण के नाम रहा। समाज कल्याण मंत्री ने गुगरापुर तो डीएम ने कलेक्ट्रेट में पौधे रोपकर इस अभियान का शुभारंभ किया। समग्र जिले को 39 लाख अट्ठानवे हज़ार पंच सौ पौधों का लक्ष्य आवंटित हुआ था लेकिन कन्नौज ने एक कदम आगे बढ़कर चालीस लाख छह सौ पौधे रोपकर एक नया कीर्तिमान ही स्थापित कर दिया।
प्रदेश के समाज कल्याण, राज्यमंत्री (स्व0प्र0) असीम अरूण एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य व जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया सहित जनप्रतिनिधि/अधिकारी /गणमान्य नागरिकों द्वारा संयुक्त रूप से विकास खण्ड गुगरापुर के ग्राम गुगरापुर कटरी क्षेत्र में वृक्ष रोपित कर वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मा0 मंत्री जी ने एनसीसी के छात्रों व समूह की महिलाओं को एक-एक पेड़ उपहार स्वरूप भेंट किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 37 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। इसके अन्तर्गत जनपद का लक्ष्य लगभग 40 लाख पौधे लगाने का निर्धारित है। कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उनके सुरक्षा पर भी अवश्य ध्यान दें। उन्होनें कहा कि भविष्य को देखते हुये पेड़ लगाये जा रहे हैं। हर पीढ़ी को इसके बारे में सोचना होगा, कि पेड़ हमारे लिये कितने महत्वपूर्ण हैं। उन्होनें कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगायें। जिनकी मां हैं, वह अपनी मां के साथ फोटो लेते हुये पेड़ लगायें और जिनकी मां नहीं हैं वह अपनी मां की स्मृति में एक पेड़ अवश्य लगायें। मंत्री ने कहा कि भावी पीढ़ी को अगर हमें कुछ देकर जाना हैं, तो पेड़ अवश्य लगाना होगा। उन्होनें कहा कि क्या हमारे सरोवर प्लास्टिक रहित या स्वच्छ हैं। अगर आपके घर के पास का सरोवर अच्छा नही हैं, तो वह कब खराब हुये और खराब किसने किये और ठीक कौन करेगा। ठीक करने की भी जिम्मेदारी हम सब की हैं। इसी कड़ी में वृक्षों का कटान हुआ, वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत वृक्ष रोपित किये गये। वन क्षेत्र 10 प्रतिशत से बढकर अब 11 प्रतिशत हो गया हैं। जो रिकार्ड बन रहा हैं, आने वाले समय में वन क्षेत्र को लगभग 15 प्रतिशत तक बढाये जाने का कार्य किया जायेगा, ताकि भावी पीढ़ी को उपहार स्वरूप कुछ दिया जा सके। उन्होनें कहा कि केमिकल खेती न करते हुये, अच्छी व्यवस्था से प्राकृतिक खेती करें। जितना हम कीटनाशक का छिड़काव कर खेती करते हैं, उतना हम खाते भी हैं। खाद भी प्राकृतिक होनी चाहिए। इसके लिये हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने कहा कि धरा सुरक्षित रखने हेतु एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगायें। पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि संगठन द्वारा 16 हजार पेड़ लगाये जायेगें। वृक्ष धरा के भूषण हैं, करते दूर प्रदूषण हैं। इस महत्व को समझते हुये हम सभी को एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाना हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ ने बताया कि जनपद में वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत 3998500 लक्ष्य के सापेक्ष 40 लाख 600 पौधे रोपित किए गए हैं, जो लक्ष्य से अधिक हैं। उन्होने बताया कि वन विभाग द्वारा पौधारोपण स्थलों की संख्या 88 एवं अन्य विभागो के स्थलों की संख्या 2904 है। बताया कि वन विभाग की 18 नर्सियों से अन्य विभागो को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराये गये।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा स्वदेश गुप्ता, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, परियोजना निदेशक रामऔतार सहित संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Post Views: 50