



कन्नौज: मुर्गा लदी वैन पलटी तो ग्रामीणों में लगी मुर्गे लूटने की होड़
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पिकअप पलट गई। पिकअप पर मुर्गे लदे थे, जो हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर बिखर गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन घायलों की परवाह किए बगैर उन्हें तड़पने के लिए छोड़ दिया। मुर्गे लूटने की होड़ मच गई। जिसके हाथ में जितने मुर्गे आए, वो लेकर भागने लगा।
घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें लोगों को चिकन लेकर भागते देखा जा सकता है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोगों को वहां से हटाया गया। पुलिस ने पिकअप के घायल चालक और हेल्पर को अस्पताल भेजा। पुलिस ने जिंदा बचे मुर्गों को सुरक्षित किया। मर चुके मुर्गों को दफन कराया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
झपकी आने से डिवाइडर से टकराई गाड़ी
हादसा सकरावा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ। मुसाफिर खाना थाना क्षेत्र के ठकुराइन गांव निवासी चालक सलीम और साथी कलीम पिकअप पर मुर्गा लादकर अमेठी से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे होते हुए फिरोजाबाद जा रहे थे। शनिवार दोपहर जैसे ही वह कन्नौज के सकराबा थाना क्षेत्र के 142 किलो मीटर पर पहुंचे, चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर जाकर पलट गई।
घायलों को छोड़ मुर्गा लूटने की मची होड़
वैन के पलटते ही आसपास के ग्रामीण दौड़े पड़े। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की बजाय, मुर्गा लूटकर भागने लगे। देखते ही देखते सड़क पर मुर्गा लूटने वालों की भीड़ लग गई। एक-दूसरे को धक्का देकर मुर्गा लूटकर भागने लगे। कुछ राहगीर भी मुर्गा लूटने में शामिल हो गए। जिसके हाथ में जितने मुर्ग आए, वो सीधे घर की ओर भागे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फटकारी लाठी
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सकरावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी फटकानी पड़ी। पिकअप चालक और उसके सहायक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बचे हुए मुर्गों को सुरक्षित किया। इस घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।