ठाकुर विधायकों की बैठक और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में ठाकुरों के बढ़े दबदबे के जवाब में योगी विरोधियों की सक्रियता बढ़ी!
मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्तापक्ष के ठाकुर, लोध, कुर्मी विधायकों की बैठकों के बाद दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की भेंट ने सूबे में भाजपा की सियासत को गरमा दिया है। यह मुलाकात केशव प्रसाद मौर्य के लखनऊ स्थित आवास पर सोमवार को हुई। दोनों डिप्टी सीएम की ओर से इसे शिष्टाचार भेंट बताया लेकिन राजनीतिक विश्लेषक ठाकुर विधायकों की कुटुंब बैठक के बाद यूपी की राजनीति में विधायकों के जातिवार जुटान को बड़े राजनैतिक संसय को जन्म दे दिया है। यूपी में वोटिंग का पैटर्न आज भी जाति के आधार पर होती है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पीडीए का तान छेड़ कर लोकसभा चुनाव 2024 में जब से सत्तारूढ़ भाजपा को बड़ा धक्का दिया है तब से आज तक भाजपा डैमेज कंट्रोल भी नहीं कर पा रही है। ऐसे में पहले ठाकुर विधायकों की बैठक होना और अब गैरठाकुर दोनों डिप्टी सीएम का इस तरह से मिलने के बाद चित्र वायरल करना नये विमर्श को जन्म दे दिया है। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद भाजपा के संजीव बालियान की हार के बाद दिल्ली तक योगी के दबदबे की गूंज उठी थी।इस चुनाव में गृहमंत्री अमितशाह ने मतदान किया था। माना जाता है कि शाह के करीबियों ने 25 वर्षों से सचिव पद पर कुंडली मार कर बैठे भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी का जम कर विरोध किया था।
इस घटना के बाद अब ऐसे लोग एकजुट हो रहे हैं जो अमितशाह के करीबी और योगी आदित्यनाथ से दूर रहने के लिये जाने जाते हैं। बृजभूषण शरण सिंह, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी योगी के खेमे से नहीं बताये जाते हैं। यही कारण है कि लड़ाई बढ़ती दिख रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2022 के विधानसभा चुनाव में वापस तो आ गये लेकिन ऐन चुनाव के वक्त अखिलेश यादव ने योगी कैबिनेट के तीन-तीन मंत्रियों को तोड़ कर योगी पर पिछड़ा विरोधी होने का ठीकरा फोड़ा था। हालांकि वह तब कामयाब नहीं हुये। अब बदली हुई स्थितियों में पूजा पाल पर अखिलेश यादव की कार्रवाई ने पाल समाज को सपा के विरोध में खड़ा कर दिया, नहीं तो अखिलेश की घेराबंदी बहुत तगड़ी थी। माना जाता है कि ब्रजभूषण शरण को अमितशाह का संरक्षण है। सपा की ओर से रामगोपाल यादव खुलेआम अमितशाह को पर्ची पकड़ाते देखे जा चुके हैं। सपा के हमलों के बीच भाजपा के गैर ठाकुरों द्वारा बढ़ी मिलन प्रक्रिया ने बिना के धुंआ बना रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद भी पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के तेवर में कोई खास परिवर्तन नहीं दिख पा रहा है। ठाकुर विधायकों की बैठक को जहां सत्ता संरक्षित प्रचारित किया गया वहीं आम आदमी से ठाकुर क्षत्रप बने ब्रजभूषण शरण सिंह ने इसकी आलोचना करके हवा निकालने की कोशिश की है। सूत्रों की मानें तो ठाकुर विधायकों की बैठक कहने को तो रामवीर सिंह और जयवीर सिंह ने बुलाई थी लेकिन राजा भैया ही इस बैठक के असली कर्ताधर्ता थे। इस बीच राजा भैया की योगी मंत्रिमंडल में एंट्री की भी अटकलें तेज हो चुकी हैं। ठाकुर विधायकों की बैठक में क्षत्रिय समाज की एकजुटता और भाजपा सरकार के साथ संगठन में स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। ऐसे में भाजपा में हलचल मचनी तय थी।बताते हैं कि प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को इसकी रिपोर्ट भेजी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही योगी सरकार पर ठाकुरवाद करने और ठाकुर अधिकारियों की तैनाती को लेकर आरोप लगाती रही है। सोमवार को इंडिया गठबंधन की दिल्ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भी सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने योगी सरकार पर ऐसा ही आरोप दोहराया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को यूपी में मिली जीत के पीछे पिछड़े वर्ग का बड़ा वोट बैंक था। भाजपा के तमाम पिछड़े वर्ग के नेता पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सपा के साथ चले गए थे। इसके बाद भी भाजपा को तब उतना नुकसान नहीं हुआ जितना लोकसभा चुनाव में हुआ है।जानकारों की माने तो निकलने वाले सभी नेता वक्त बेवक्त अमितशाह का चक्कर काटते देखे गये हैं।डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दोनों ने इस मुलाकात की फोटो एक्स पर पोस्ट की है। केशव ने फोटो के साथ लिखा कि सात कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर माननीय उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी से शिष्टाचार भेंट कर कुशल क्षेम लिया। वहीं, ब्रजेश पाठक ने मुलाकात की दो तस्वीरें पोस्ट कीं। एक फोटो में वह अटल जी पर लिखी पुस्तक केशव प्रसाद को भेंट कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में दोनों नेता सोफे पर बैठकर विचार विमर्श कर रहे हैं। इसके साथ ही ब्रजेश पाठक ने लिखा कि आज माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी से शिष्टाचार भेंट की।