



HOLI FESTIVAL – देशभर में होली के त्यौहार की छाई खुमारी
राज्यों में अलग अलग ढंग से खेली जा रही है होली
पूर्वोत्तर भारत : प्राकृतिक रंगों के साथ इको-फ्रेंडली होली
नई दिल्ली (BNE ) रंगो के त्यौहार होली पूरे देश में हर्षोल्लाष के साथ मनाई जा रही है। सुबह की शुरुआत बच्चों ने रंगो के साथ की। पारंपरिक संगीत, ढोल की थाप और लोकगीतों के बीच हर गली-मोहल्ला होली के रंग में रंगा नजर आ रहा है। देशभर में पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए। बड़े शहरों में विशेष निगरानी रखी गई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किए गए। साथ ही, इको-फ्रेंडली होली को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने की अपील की गई।
उत्तर भारत : लठमार से लेकर ब्रज की होली तक
उत्तर प्रदेश के मथुरा, वृंदावन और बरसाना में होली के अनूठे रंग देखने को मिले। यहां पहले से ही होली का जश्न शुरू हो चुका था, लेकिन आज के दिन राधा-कृष्ण की लीला स्थलों पर हजारों भक्त उमड़े। बरसाना की लठमार होली और मथुरा-वृंदावन की फूलों वाली होली ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वाराणसी में गंगा घाटों पर विशेष होली उत्सव हुआ, जहां विदेशी सैलानियों ने भी जमकर रंग खेला।
पंजाब-हरियाणा : रंगों संग भंगड़ा
पंजाब और हरियाणा में होली के साथ-साथ लोकनृत्य भंगड़ा और गिद्दा का भी माहौल देखने को मिला। अमृतसर, चंडीगढ़ और लुधियाना में गुरुद्वारों में कीर्तन के बाद भक्तों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशी मनाई।
राजस्थान : शाही होली का नजारा
जयपुर और जोधपुर में होली का पारंपरिक अंदाज देखने को मिला। राजमहलों में शाही होली खेली गई, जिसमें विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। पुष्कर में हिप्पी होली का क्रेज देखने को मिला, जहां हजारों विदेशी सैलानियों ने डीजे म्यूजिक पर रंगों की बारिश के साथ जश्न मनाया।
बिहार और झारखंड : फगुआ के सुरों में झूमे लोग
बिहार और झारखंड में होली ‘फगुआ’ के रूप में मनाई जाती है। यहां ढोलक और मंजीरे की थाप पर फगुआ गाने गाए गए। पटना, गया और रांची में लोग अबीर-गुलाल से रंगे नजर आए।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ : लोक परंपराओं के रंग
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पारंपरिक होली का रंग देखने को मिला। इंदौर और उज्जैन में रंगपंचमी का अलग क्रेज रहता है, जो अगले कुछ दिनों तक चलेगा। वहीं, रायपुर में ग्रामीण अंचलों में लोकगायन और नृत्य के साथ होली मनाई गई।
महाराष्ट्र: रंग और पिचकारी की मस्ती
मुंबई और पुणे में होली का अलग ही जोश दिखा। यहां लोग ‘धूलिवंदन’ और ‘शिमगा’ की परंपरा निभाते हुए एक-दूसरे को रंग लगाने में व्यस्त रहे। बॉलीवुड सितारों की होली पार्टियों की भी धूम रही, जहां कई सेलेब्रिटीज रंगों से सराबोर नजर आए।
दक्षिण भारत : भक्ति और रंगों का संगम
कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में होली भक्ति के रंग में रंगी दिखी। मैसूर, चेन्नई और बेंगलुरु में उत्तर भारतीय समुदायों ने होली का जश्न बड़े स्तर पर मनाया। वहीं, पुरी (ओडिशा) में जगन्नाथ मंदिर के आसपास भव्य होली उत्सव हुआ।
पूर्वोत्तर भारत : प्राकृतिक रंगों के साथ इको-फ्रेंडली होली
असम, मणिपुर और त्रिपुरा में होली को ‘याओसांग’ पर्व के रूप में मनाया गया। यहां बांस और फूलों से बनी पिचकारियों से लोग होली खेलते नजर आए। शिलांग और गुवाहाटी में भी होली का अनोखा रंग देखने को मिला।