



सीरिया में मस्जिद से निकल रहे लोगों पर की गोलीबारी ,4 की मौत ,13 घायल
बंदूकधारी ने लोगों को उस समय निशाना बनाया जब वो मस्जिद (Mosque) से नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे।
पुलिस ने आतंकी हमला होने की आशंका जताई
नई दिल्ली (BNE )देश दुनिया में इस समय रमजान महीना शुरू हो गया है। मुस्लिम भाइयों के लिए ये पवित्र महीना होता है। सभी मुस्लिम हर दिन नमाज पढ़ते है। लेकिन रमजान के खुशहाल महीने में सीरिया में रविवार को कुछ ऐसा हो गया जिसकी वजह से रमजान की खुशियां मातम में बदल गयी। दरअसल सीरियाई शहर हामा (Hama) के हयालिन (Hayalin) गाँव में एक बंदूकधारी (Gunman) ने कुछ लोगों पर अचानक ही ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। बंदूकधारी ने लोगों को उस समय निशाना बनाया जब वो मस्जिद (Mosque) से नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे।
4 लोगों की हुई मौत,13 लोग घायल
सीरिया के हामा शहर के हयालिन गाँव में रविवार को जब लोग नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल रहे थे, तब अचानक गोलीबारी से वो घबरा गए। गोलीबारी से हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई। लोकल मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी। बंदूकधारी हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार था और इस वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।गोलीबारी की इस घटना में 13 लोग घायल भी हो गए हैं। उन्हें गाँव के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
आतंकी हमला होने की आशंका
पुलिस (Police) ने इस गोलीबारी के मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के आतंकी हमला होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसके पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ है, या किसी अकेले आतंकी ने ही इस हमले को अंजाम दिया है, इस बारे में फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
मस्जिदों की मरम्मत का काम शुरू
सीरिया में पिछले कई सालों से गृहयुद्ध के हालात रहे हैं, जिसकी वजह से देश में कई मस्जिदों की बुरी हालत हो गई है। हालांकि तख्तापलट के बाद से सीरिया में हालात कुछ सुधरे हैं। लेकिन रमजान शुरू होने पर बड़ी संख्या में लोगों के पास नमाज पढ़ने की जगह नहीं है। ऐसे में देशभर में कई मस्जिदों की मरम्मत का काम चल रहा है।