



रूस के कब्जे वाले क्षेत्र में समुद्री तूफान के बाद मची तबाही, तेल रिसाव बना खतरा
केर्च जलडमरूमध्य में समुद्री तूफान के चलते दो टैंकरों से हुए तेल रिसाव ने पर्यावरणीय तबाही मचा दी है। इस दुर्घटना के कारण अब तक 32 डॉल्फिन की मौत हो चुकी है। रूस के डेल्फा डॉल्फिन बचाव एवं अनुसंधान केंद्र ने इसे एक बड़ी पारिस्थितिक समस्या करार दिया है।
केर्च जलडमरूमध्य रूस के कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप और दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र के बीच स्थित है। यहां तीन हफ्ते पहले आए समुद्री तूफान के कारण टैंकरों से भारी मात्रा में ईंधन तेल समुद्र में बह गया। बचाव दल ने बताया कि डॉल्फिन की मौत का सीधा संबंध इस रिसाव से है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस तेल रिसाव को ‘‘पारिस्थितिक आपदा’’ घोषित किया है और इस मामले पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह घटना समुद्री जीवन और क्षेत्रीय पारिस्थितिकी के लिए लंबे समय तक खतरा बन सकती है।