



इंग्लैंड को मिला नया कप्तान, जोस बटलर की जगह हैरी ब्रूक को सौंपी गई कमान
वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में ब्रूक संभालेंगे जिम्मेदारी, IPL से बाहर होने के बाद मिला बड़ा मौका
इंग्लैंड क्रिकेट टीम को सीमित ओवरों के फॉर्मेट में नया कप्तान मिल गया है। जोस बटलर के बाद अब हैरी ब्रूक को वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी सौंपी गई है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बटलर ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही ब्रूक को उनका उत्तराधिकारी माना जा रहा था।
26 वर्षीय हैरी ब्रूक इंग्लैंड की व्हाइट बॉल टीम में 2022 से लगातार मजबूत भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पिछले एक साल से उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाली थी और बटलर की अनुपस्थिति में सितंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कप्तानी का अनुभव भी लिया था। ब्रूक ने इसे अपने करियर का खास मौका बताया है।
दिलचस्प बात यह है कि ब्रूक ने इंग्लैंड क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए IPL 2025 में न खेलने का फैसला किया था, जिसके चलते बीसीसीआई ने उन्हें दो साल के लिए IPL से बैन कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीदा था, लेकिन वह मैदान पर उतरने से पहले ही बाहर हो गए।
ब्रूक का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड भी प्रभावशाली है। उन्होंने अब तक 26 वनडे मैचों में 34.00 की औसत से 816 रन बनाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 110 है। वहीं टी20 में उन्होंने 44 मुकाबलों में 81 रन का उच्चतम स्कोर बनाया है और वह 2022 टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान के रूप में ब्रूक इंग्लैंड को कहां तक ले जाते हैं और क्या वह बटलर की विरासत को आगे बढ़ा पाते हैं।