दुबई -युद्ध के डर से दुबई के प्रॉपर्टी बाजार में हाहाकार; औंधे मुंह गिरे दाम
घर के साथ FREE मिल रही लग्जरी कार
दुबई (BNE ): ईरान-इजरायल केबीच चल रहे तनाव को लेकर इसका दुष्प्रभाव हर जगह देखने को मिल रहा है। अब इसका सीधा असर अब सपनो के शहर दुबई की चमकती गगनचुंबी इमारतों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। खाड़ी देश का जो रियल एस्टेट बाजार पिछले कुछ सालों से रॉकेट की रफ्तार से भाग रहा था, वह अब भयानक सुस्ती के दौर से गुजर रहा है। प्रॉपर्टी बाजार में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची हुई है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि खरीदारों को अपनी ओर खींचने के लिए बिल्डर्स भारी डिस्काउंट के साथ-साथ महंगी लग्जरी कारें तक बिल्कुल मुफ्त बांट रहे हैं।
एंट्री लेवल मार्केट में 40 फीसदी की भारी गिरावट
दुबई के एंट्री-लेवल प्रॉपर्टी बाजार में पिछले एक साल के भीतर 40 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस मंदी में सबसे ज्यादा असर 10 लाख से 25 लाख दिरहम (AED) वाले घरों की मांग पर पड़ा है। इस सेगमेंट में आलम यह है कि लोग टेबल पर बैठकर 10 से 15 प्रतिशत तक का सीधा मोलभाव कर रहे हैं। सेकेंडरी मार्केट की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है, जहां खरीदार पैसा लगाने से पहले बड़ी छूट की मांग पर अड़े हैं। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो मार्च महीने में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के नंबर भले ही अच्छे लग रहे हों, लेकिन मार्केट ब्रोकर्स का साफ कहना है कि यह केवल दिसंबर से फरवरी के बीच रुके हुए सौदों का नतीजा है। असलियत में मार्च की बिक्री में 50 फीसदी तक की भारी कमी आई है। चूंकि रमजान के महीने में अमूमन बाजार शांत रहता है, इसलिए अब सभी की नजरें अप्रैल की बिक्री पर टिकी हैं। अगर युद्ध के हालात सामान्य होते हैं, तो बाजार में रिकवरी की उम्मीद की जा सकती है।
खरीदारों को लुभाने के लिए फ्लैट के साथ बांटी जा रही लग्जरी कारें
बाजार में छाई इस खौफनाक नरमी से निपटने के लिए बड़े डेवलपर्स ने कीमतों में सीधी कटौती करने के बजाय आकर्षक ऑफर्स का अचूक रास्ता चुना है। डामैक (DAMAC) जैसी नामी रियल एस्टेट कंपनी ने अपने पेमेंट प्लान को 70/30 से बदलकर 50/50 कर दिया है। इसके अलावा वे दुबई लैंड डिपार्टमेंट (DLD) की 4 फीसदी रजिस्ट्रेशन फीस का खर्च भी खुद उठा रहे हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए डामैक 15 लाख दिरहम से ऊपर की प्रॉपर्टी खरीदने पर निसान पाथफाइंडर और 50 लाख दिरहम से ऊपर की प्रॉपर्टी पर निसान पेट्रोल निस्मो जैसी महंगी लग्जरी कारें एकदम मुफ्त दे रही है। बिंगहट्टी और डेन्यूब जैसे बड़े बिल्डर्स ने भी अपने पेमेंट प्लान में खरीदारों को बड़ी राहत दी है। पूरी रकम नकद देने वालों को 20 फीसदी तक का भारी-भरकम डिस्काउंट दिया जा रहा है। वहीं, अजीजी ने तो अपना पेमेंट प्लान 30/70 कर दिया है, जिससे खरीदारों पर तुरंत एकमुश्त बड़ा अमाउंट चुकाने का दबाव काफी कम हो गया है।










