



स्टार प्रचारक पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव में प्रचार की जोरदार शुरुआत की
delhi election:नई दिल्ली(BNE ) दिल्ली विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ,गृहमंत्री अमित शाह ,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ,पियूष गोयल ,शिवराज सिंह चौहान ,मनोहर लाल खट्टर ,धर्मेंद्र प्रधान हरदीप सिंह पुरी, गिरिराज सिंह समेत 40 लोगों के नाम शामिल हैं।यही नहीं ,कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम भी स्टार प्रचारकों में शामिल किये है, जिनमे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के नाम हैं।
खास बात ये है कि स्टार प्रचारकों में सबसे बड़े चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली चुनाव में प्रचार की शुरुआत भी कर दी है। उन्होंने जनसभाओं को संबोधित करते हुए मौजूदा आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर जोरदार जुबानी हमले भी किए थे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को एक फेज में वोट डाले जाएंगे। वहीं, नतीजे का ऐलान 8 फरवरी को होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में 83,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिला और 1,261 थर्ड जेंडर को मिलाकर कुल 1.55 करोड़ मतदाता अपने बहुमूल्य अधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही दिल्ली में चुनाव ‘आदर्श आचार संहिता’ लागू हो गई है, जिसके तहत सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता और चुनावी रैलियों के लिए पुलिस की अनुमति अनिवार्य है।