Chandigarh Blast: चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी स्कूटी में जोरदार धमाका
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
नई दिल्ली (BNE )चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के सामने बुधवार को एक जोरदार धमाके ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। यह धमाका चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:00 बजे कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया। ऐसा बताया जा रहा है कि जिस युवक की एक्टिवा है, वह बीजेपी कार्यालय में ही काम करता है। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP और IG पुष्पेंद्र कुमार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह है कि इस धमाके में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है और भाजपा कार्यालय की इमारत भी सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मौके पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) को बुलाया गया है, जो मलबे से नमूने जुटा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह स्कूटी किसकी थी और धमाके का असली कारण क्या था। इस घटना के बाद पूरे चंडीगढ़ शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।










