Bihar Bandh News:4 सितंबर को NDA घटक दलों की महिला विंग ने किया बिहार बंद का ऐलान
यह बंद गुरुवार (4 सितंबर) सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।
बिहार की धरती माताओं-बहनों का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेगी।”
Bihar Bandh News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ केखिलाफ अपशब्द कहे जाने के विरोध में बिहार में NDA के घटक दलों की महिला शाखा 4 सितंबर को बिहार बंद करने जा रही है। यह बंद गुरुवार (4 सितंबर) सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। बीजेपी बिहार अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA के सभी नेता ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में RJD और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र शब्दों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हैं।
JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “महागठबंधन की यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणियां न सिर्फ लोकतांत्रिक परंपराओं का, बल्कि मां के पूजनीय पद का भी अपमान है। बिहार की धरती माताओं-बहनों का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेगी।”
वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि RJD-कांग्रेस के मंच से इस्तेमाल की गई भाषा लोगों को जंगलराज की याद दिलाती है। NDA नेताओं ने कहा कि महिला मोर्चा चार सितंबर को सड़कों पर उतरेगा। इस दौरान पीएम मोदी पर किए गए अभद्र भाषा के खिलाफ सशक्त विरोध दर्ज कराएगा।
‘बिहार बंद’ की टाइमिंग
बीजेपी महिला मोर्चा इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेगी। दिलीप जायसवाल के अनुसार, ‘बिहार बंद’ सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक पांच घंटे तक चलेगा।
4 सितंबर को क्या-क्या रहेगा बंद और क्या खुलेगा?
बीजेपी नेताओं ने बताया कि बिहार की आम जनता की असुविधा को कम करने के लिए इस बंद के दौरान एंबुलेंस, अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाओं जैसी इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।










