बृजेश चतुर्वेदी(BREAKING NEWS EXPRESS )
कन्नौज। लखनऊ में सपा मुखिया को जेपी सेंटर जाने से सरकार ने रोका, तो सपाई भड़क गए। मथुरा से साइकिल रैली लेकर लखनऊ के लिए निकले सपाइयों ने तिर्वा में रैली रोक दी। सड़क पर साइकिलें खड़ी कर के धरना दिया। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
तिर्वा नगर में साइकिल रैली निकाल रहे युवाओं ने अचानक से यात्रा रोक दी। कन्नौज औरैया रोड पर साइकिलें आड़ी-तिरछी खड़ी करते हुए सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। यहां सपाइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
साइकिल रैली की अगुवाई कर रहे अजय यादव ने बताया कि वह लोग मथुरा से रैली निकालते हुए लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। कन्नौज पहुंचने पर पता चला कि सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पुलिस ने नजर बन्द कर दिया। उन्हें जेपी सेंटर जाने से पुलिस ने रोक दिया है।
सरकार की इस कार्रवाई से आहत होकर रैली को कुछ समय के लिए तिर्वा में रोक दिया। यहां सड़क के बीचों-बीच बैठकर उन लोगों ने नारेबाजी की। आरोप लगाते हुए कहा कि लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से सरकार हमारे नेता को क्यों रोक रही है। ये महापुरुष का अपमान है।
उन्होंने कहाकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब-जब डरते हैं। तब वह पुलिस को आगे कर देते हैं। मुख्यमंत्री चाहें कितना भी प्रयास कर लें। वह हम लोगों को जेपी सेंटर तक जाने से नहीं रोक पाए। तिर्वा में प्रदर्शन करने के बाद साइकिल रैली लेकर सपाई लखनऊ के लिए रवाना हो गए।