मुंबई में ईमेल से बम धमाका की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पिछले दो वर्षों में देश की विभिन्न एजेंसियों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है।
फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है।
मुंबई (BNE) : मुंबई में बीएमसी कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), अदालतों, स्कूलों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले सहित कई महत्वपूर्ण ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल मामले में पुलिस ने एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पहचान की है। आरोपी अमेरिका में कार्यरत था और उस पर पिछले दो वर्षों में देश की विभिन्न एजेंसियों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है।
मुंबई पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर तमिलनाडु एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने आरोपी को जुलाई में अमेरिका से लौटते समय चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया था। आरोपी की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के रहने वाले शरत सुब्रमण्यम शंकर के रूप में हुई है। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की हिरासत मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। इसका उद्देश्य धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे उसके असली मकसद का पता लगाना है।
धमकी भरे ईमेल की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शंकर के एक ईमेल से मिले सुराग के आधार पर उससे संपर्क किया। अधिकारी ने उसे बातचीत में उलझाया, लेकिन शंकर को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह किसी पुलिसकर्मी से बात कर रहा है।
एक सवाल का जवाब देते समय उसने अनजाने में अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया। पुलिस के लिए उसकी पहचान और अन्य जानकारियां जुटाने के लिहाज से यह अहम सुराग साबित हुआ। इसके बाद मुंबई पुलिस ने यह जानकारी तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की और अमेरिका से लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई में मिलने वाले प्रत्येक धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संबंधित इमारतों को खाली कराना पड़ता था। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी करनी पड़ती थी। ऐसे मामलों में बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वाड, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवानों को तैनात किया जाता था। इससे कई बार सार्वजनिक सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
हालांकि, जांच के दौरान ये सभी धमकियां झूठी साबित हुईं। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले 10 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भी एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें इमारत के अंदर आरडीएक्स होने का दावा किया गया था।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल अलग-अलग खातों से भेजे गए थे। इनमें वीपीएन और पहचान छिपाने वाली अन्य तकनीकों का इस्तेमाल किया गया था। इसके कारण ईमेल भेजने वाले की डिजिटल पहचान का पता लगाना बेहद मुश्किल हो गया था और जांच में भी देरी हुई।
इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसे फर्जी ईमेल अकाउंट बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क का संचालन करने के आरोप में पकड़ा गया था। पुलिस अब दोनों संदिग्धों के बीच संभावित संबंधों और धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे सक्रिय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।










