विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की संयुक्त समीक्षा
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर(BNE)आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त रूप से जनपद की निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 26 एवं 27 नवंबर, 2026 को गोरखपुर में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। उक्त बैठक के दृष्टिगत जनपद स्तर पर निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाओं, अद्यतन प्रगति एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। विशेष रूप से जनपद के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों तथा मतदेय स्थलों का चिन्हांकन करते हुए वहां की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया जाए। ऐसे क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन करा लिया जाए। जहां कहीं भी कोई कमी अथवा आवश्यकता हो, उसे समय रहते दूर कराया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान मतदान कार्मिकों एवं मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि निर्वाचन को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता एवं सतर्कता बढ़ाई जाए तथा क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
बैठक में आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, सुरक्षा बलों की आवश्यकता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित सूचनाएं एवं प्रगति विवरण अद्यतन रखते हुए निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराएं, ताकि गोरखपुर में प्रस्तावित आयोग स्तरीय समीक्षा बैठक में जनपद की निर्वाचन तैयारियों की समुचित जानकारी प्रस्तुत की जा सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अभी से आपसी समन्वय एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।










