राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एसजेवीएन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को सम्मानित किया
शिमला:(BNE) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, कविन्द्र गुप्ता, एसजेवीएन द्वारा राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत, आज कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा पीढ़ी के मध्य ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएं), एसजेवीएन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने माननीय राज्यपाल के आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान, राज्यपाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की पुरस्कार विजेता पेंटिंगों की कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए, उन्होंने युवा कलाकारों को अपनी पेंटिंगों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व को कलात्मक रूप से समझाने की कला की प्रशंसा की। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने तथा सतत प्रथाओं को प्रोत्साहित करने में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और नोडल एजेंसी एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की भी सराहना की।
राज्यपाल ने ग्रुप ‘ए’ (कक्षा V–VII) तथा ग्रुप ‘बी’ (कक्षा VIII–X) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः ₹50,000/-, ₹30,000/- एवं ₹20,000/- की पुरस्कार राशि प्रदान की। दोनों श्रेणियों में प्रत्येक श्रेणी को ₹7,500/- प्रत्येक को 10 प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न तथा प्रोत्साहन स्वरूप ₹2,000/- प्रत्येक की राशि भी प्रदान की गई। राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएँ, भविष्य सुरक्षित बनाएँ’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ थे।
इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन ने अवगत करवाया कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों के कुल 2,38,548 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा ग्रुप ‘ए’ तथा ग्रुप ‘बी’ प्रत्येक से 55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स का चयन किया गया तथा चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया।
एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, राज्य सरकार, राज्य शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित हितधारकों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के लिए नोडल एजेंसी के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहा है।
ग्रुप ‘ए’ तथा ग्रुप ‘बी’ के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेता विद्यार्थी 11 दिसंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जाएगा। —–0—–









