मनाली के नसोगी में तीन मंजिला रिहायशी कॉटेज धू- धू कर हुयी भस्म
अग्निकांड में 11 पालतू बिल्लियों की जलने से मौत हो गई
दमकल विभाग ने दो अग्निशमन वाहनों के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के नसोगी में देर रात एक तीन मंजिला रिहायशी कॉटेज आग की भेंट चढ़ गया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत जलकर राख हो गई। अग्निकांड में 11 पालतू बिल्लियों की जलने से मौत हो गई, जबकि दमकल विभाग मनाली की मुस्तैदी से आसपास स्थित तीन अन्य रिहायशी कॉटेज को जलने से बचा लिया गया।
आग रात 12 बजकर 17 मिनट पर लगी, जिसने गौरी डोगरा के तीन मंजिला सुसज्जित रिहायशी कॉटेज को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं, कॉटेज में मौजूद 11 पालतू बिल्लियां आग की चपेट में आकर दम तोड़ गईं। दमकल विभाग के नौ कर्मचारियों ने दो अग्निशमन वाहनों के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है।










