नई दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब
AIIMS का AQI 358 तो ITO में 349, स्वास्थ्य परेशानियां बढ़ीं
प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली (BNE) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के एम्स इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 358 दर्ज किया गया, जबकि आईटीओ में यह 349 तक पहुंच गया। दोनों ही इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। कनॉट प्लेस में AQI 237, जेएलएन स्टेडियम में 243, आनंद विहार में 222 और अक्षरधाम मंदिर के आसपास 222 दर्ज किया गया। वहीं, सराय काले खां में वायु गुणवत्ता सूचकांक 259 रहा।
कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी ज्यादा चिंताजनक है। सिरी फोर्ट में AQI 336 और एनएसआईटी द्वारका में 332 दर्ज किया गया। पूसा में यह आंकड़ा 275, पंजाबी बाग में 268 और दिल्ली सचिवालय में 269 रहा। आनंद पर्वत में AQI करीब 171 दर्ज किया गया।
हालांकि, राजधानी के कुछ हिस्सों में अपेक्षाकृत राहत देखने को मिली। धौला कुआं में AQI 153 और इंडिया गेट के आसपास 198 दर्ज किया गया। इन दोनों इलाकों में हवा मध्यम श्रेणी में रही।









