हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी ,8 यात्रियों की मौत ,20 घायल
घटना टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुई
SDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।
हरिद्वार (BNE) : उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के पास 35 यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्रियों को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया। घटना टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी। गूलर बाजार के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डायल 112 के माध्यम से पुलिस को बस नंबर UK09PA9779 के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद मुनि की रेती, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों की पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस और SDRF की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 20 घायलों को क्रेन की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
रेस्क्यू अभियान की कमान SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी संभाल रहे हैं। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी हादसे की जानकारी दी गई है। उन्होंने घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है।










