मुख्य सचिव ने जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में ऑनलाइन दर्ज कराई अपनी जानकारी
जनगणना देश की विकास योजनाओं और भविष्य की नीतियों के निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार
जनगणना-2027 में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण
मुख्य सचिव की प्रदेशवासियों से अपील—स्वगणना में भाग लें, राष्ट्रीय कार्य में अपना योगदान दें
लखनऊः(BNE) मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में सहभागिता करते हुए ऑनलाइन माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर स्वगणना प्रपत्र भरा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी नियोजन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनगणना के आंकड़े भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में भी सहायक होते हैं।
उन्होंने प्रदेश के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर प्रदेश एवं देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। जनगणना-2027 के अंतर्गत उपलब्ध स्वगणना (Self Enumeration) सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
इस अवसर पर निदेशक, जनगणना संचालन, उ0प्र0 शीतल वर्मा ने प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।










