तरनतारन-मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों के बीच जोरदार टक्कर-4 श्रद्धालुओं की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतकों के शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
तरनतारन(BNE)- जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा नौशहरा पन्नूआं के पास शनिवार को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बसें फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को लेकर श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में माथा टेकने जा रही थीं। इसी दौरान नौशहरा पन्नूआं के पास डिवाइडर के बीच से गुजर रहे एक बाइक सवार को बचाने के लिए आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तभी पीछे से आ रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दूसरी बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने स्थिति को देखते हुए मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर दी। सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया और डॉक्टरों को भी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात कर दिया गया। मृतकों के शव अस्पताल पहुंचाए गए, जबकि घायलों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान रास्ते में ट्रैफिक जाम के कारण तीन एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे राहत कार्य में परेशानी आई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतकों के शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर भेज दी गई थी। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।










