पंजाब पुलिस के EX SSP गुरमीत सिंह रंधावा को सीबीआई CBI अदालत ने अपहरण के एक बेहद चर्चित मामले में 7 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई
DSP रहते की थी वारदात, ट्रायल के दौरान प्रमोट होकर SSP की कुर्सी तक पहुंचा आरोपी
मास्टरमाइंड तत्कालीन SSP और 3 अन्य आरोपी पुलिसकर्मियों की हो चुकी है मौत
चंडीगढ़ (BNE): पंजाब पुलिस के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरमीत सिंह रंधावा को मोहाली स्थित स्पेशल सीबीआई (CBI) अदालत ने अपहरण के एक बेहद चर्चित मामले में दोषी ठहराते हुए 7 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने रंधावा को बुधवार (11 नवंबर) को लुधियाना के एक ट्रांसपोर्टर को उसके साले की शादी के समारोह से अगवा करने के मामले में दोषी करार दिया था, जिसके बाद आज सजा का ऐलान किया गया। करीब 34 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आए इस ऐतिहासिक फैसले से पीड़ित ट्रांसपोर्टर के परिवार को आखिरकार न्याय मिला है।
DSP रहते की थी वारदात, ट्रायल के दौरान प्रमोट होकर SSP की कुर्सी तक पहुंचा आरोपी
मामले के तथ्यों के अनुसार, जिस समय लुधियाना के ट्रांसपोर्टर का अपहरण किया गया था, उस वक्त गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब पुलिस में डीएसपी (DSP) के पद पर तैनात था। हैरानी की बात यह रही कि अदालत में अपहरण का गंभीर आपराधिक मुकदमा चलने के बावजूद रंधावा को विभागीय पदोन्नति मिलती रही और वह प्रमोट होकर एसएसपी (SSP) की कुर्सी तक जा पहुंचा। इस मामले ने तत्कालीन पुलिस कार्यप्रणाली और जांच प्रक्रिया पर लंबे समय तक गंभीर सवाल खड़े किए थे।
मास्टरमाइंड तत्कालीन SSP और 3 अन्य आरोपी पुलिसकर्मियों की हो चुकी है मौत
करीब साढ़े तीन दशक तक चली इस कानूनी प्रक्रिया के दौरान कई बड़े मोड़ आए। जांच में सामने आया था कि इस पूरी किडनैपिंग की साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड उस समय का तत्कालीन एसएसपी था, जिसकी मुकदमे की सुनवाई के दौरान ही मृत्यु हो गई। इसके अतिरिक्त, शादी समारोह से ट्रांसपोर्टर को उठाने के लिए मौके पर पहुंचे तीन अन्य आरोपी पुलिसकर्मियों की भी ट्रायल के दौरान मौत हो चुकी है। इसके बावजूद सीबीआई अदालत में मुकदमा लगातार जारी रहा और गवाहों व पुख्ता सबूतों के आधार पर अदालत ने जीवित मुख्य आरोपी पूर्व एसएसपी गुरमीत सिंह रंधावा को 7 साल कैद की सजा सुनाकर बड़ा संदेश दिया है।








