संगरूर-पंजाब के संगरूर में अनियंत्रित बस ओवरब्रिज से टकराकर खाई में गिरी 3 यात्रियों की मौत
10 यात्रियों की हालत नाजुक, पटियाला के राजिंदरा अस्पताल किए गए रेफर
मौसम साफ था, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; पुलिस जांच में जुटी
संगरूर (BNE ): पंजाब में भइया दूज के दिन एक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की दुखद मौत हो गयी जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए है जिनका हॉस्पिटल में इलाज जारी है। स्थानीय पुलिस के अनुसार यह हादसा मुख्यमंत्री आवास के महज कुछ किलोमीटर की दुरी पर हुआ है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह यात्रियों से खचाखच भरी पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित एक ओवरब्रिज के पास बस अनियंत्रित होकर पहले पुल के ढांचे से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे गहरी खाइयों में जा गिरी।
सुबह चंडीगढ़ जा रही थी बस, ओवरब्रिज से टकराकर खाइयों में गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीआरटीसी की यह बस बुधवार की सुबह संगरूर बस स्टैंड से सवारियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ओवरब्रिज के समीप पहुंची, अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस तेज आवाज के साथ ओवरब्रिज की दीवार से टकराई और झटके के साथ सड़क किनारे नीचे खतानों (गड्ढों) में पलट गई। बस के पलटते ही भीतर बैठी सवारियों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत अपने वाहन रोके और राहत कार्य में जुटते हुए पुलिस व एंबुलेंस सेवा को सूचित किया।
10 यात्रियों की हालत नाजुक, पटियाला के राजिंदरा अस्पताल किए गए रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन स्वास्थ्य टीमें मौके पर पहुंचीं। राहगीरों की मदद से बस की खिड़कियों और आपातकालीन रास्तों से खून से लथपथ यात्रियों को बाहर निकाला गया और तुरंत संगरूर के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, तीन यात्रियों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था। वहीं, घायलों में से 10 यात्रियों को सिर, छाती और रीढ़ में गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पटियाला स्थित राजकीय राजिंदरा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। बाकी अन्य घायलों का इलाज संगरूर के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
मौसम साफ था, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; पुलिस जांच में जुटी
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस पीआरटीसी डिपो की थी और सुबह का समय होने के कारण इसमें अच्छी-खासी संख्या में दैनिक यात्री और नौकरीपेशा लोग सवार थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के समय दृश्यता पूरी तरह सामान्य थी और कोहरा या धुंध नहीं थी। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से यह बात सामने आई है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते मोड़ या ओवरब्रिज के पास चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख सका। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों की पड़ताल के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










