वाशिंगटन -रूस-यूक्रेन जंग पर ट्रंप ने दिया बड़ा बयान
27 अक्टूबर से सीजफायर की तैयारी, मेलानिया ने किया पोप के समर्थन का जिक्र
जंग खत्म होते ही रूस-यूक्रेन से बिजनेस करेगा अमेरिका: ट्रंप
वाशिंगटन (AGENCY )): साढ़े चार साल से भी अधिक समय से जारी भीषण रूस-यूक्रेन युद्ध के अब समाप्त होने की उम्मीदें तेजी से बढ़ने लगी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के ताजा बयानों ने वैश्विक स्तर पर शांति की नई उम्मीद जगा दी है। फ्लोरिडा के पाम बीच में वोट डालने के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए डोनाल्ड ट्रंप ने साफ संकेत दिए कि दोनों देश सुलह की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ट्रंप ने भरोसा जताया कि युद्ध विराम होते ही अमेरिका दोनों देशों के साथ बड़े स्तर पर व्यापारिक संबंध और कारोबार शुरू करेगा।
27 अक्टूबर से सीजफायर की तैयारी, मेलानिया ने किया पोप के समर्थन का जिक्र
डिप्लोमैटिक वार्ताओं और शांति प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने एक बड़ा खुलासा किया। मेलानिया ने बताया कि रूस और यूक्रेन 27 अक्टूबर से सीजफायर लागू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस शांति समझौते को पोप का भी समर्थन प्राप्त हुआ है, जो बेहद सकारात्मक पहलू है। मेलानिया के मुताबिक, उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की दोनों से सीधी बातचीत की है और समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जमीनी स्तर पर सब कुछ तय योजना के मुताबिक ही आगे बढ़ेगा।
जंग खत्म होते ही रूस-यूक्रेन से बिजनेस करेगा अमेरिका: ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंग के बाद की आर्थिक रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अमेरिका दोनों देशों के बीच जल्द से जल्द सुलह चाहता है। ट्रंप ने दो टूक शब्दों में कहा, “हम चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच टकराव खत्म हो, ताकि व्यापार के नए रास्ते खुल सकें। मेरा पक्का मानना है कि इस जंग के खत्म होते ही हम यूक्रेन और रूस, दोनों के साथ जमकर बिजनेस करेंगे।” ट्रंप के इस रुख से साफ है कि वाशिंगटन अब युद्ध पर अरबों डॉलर फूंकने के बजाय आर्थिक साझेदारी और व्यापारिक पुनरुद्धार को तरजीह देने की योजना बना रहा है।
डेमोक्रेट्स पर साधा तीखा निशाना, चुनावी धांधली के लगाए आरोप
वोट डालने के बाद ट्रंप ने घरेलू राजनीति पर भी विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने डेमोक्रेट्स को पूरी तरह भ्रष्ट करार देते हुए आरोप लगाया कि मिनेसोटा, न्यूयॉर्क और लॉस एंजिल्स जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने लॉस एंजिल्स का जिक्र करते हुए चुनावों में हजारों-लाखों वोटों की कथित गड़बड़ी का दावा भी किया। गौरतलब है कि अमेरिका में यह बयान ऐसे समय आया है जब मिडटर्म चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा गरमाया हुआ है, जहां प्रतिनिधि सभा और सीनेट के चुनाव भविष्य की अमेरिकी सत्ता के संतुलन को तय करने वाले हैं।










