Tiger Shroff firing incident-आरोपियों ने ट्रेन में बदले थे कपडे और काटे थे बाल
आरोपियाें को कैलिफोर्निया से मिली थी 34 हजार की सुपारी-साथ में विदेश में था नौकरी का ऑफर
मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और रोशन उर्फ ऋतिक के रूप में हुई है
मुंबई/कोटा (BNE) : अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की कथित साजिश के मामले में नए खुलासे हुए हैं। जांच के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी पहचान छिपाने के लिए ट्रेन में ही अपने बाल काटकर कपड़े बदल चुके थे। इसके बाद उन्होंने मुंबई से निकलकर कई जगहों पर अपनी लोकेशन बदली, लेकिन सोमवार को राजस्थान के कोटा में मुंबई से आ रही ट्रेन से उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। आरोप है कि कैलिफोर्निया से अनिल पंडित उन्हें निर्देश दे रहा था और उसने कथित तौर पर 34 हजार रुपये की सुपारी दी थी। ऑनलाइन टैक्सी का भुगतान भी अनिल पंडित की ओर से किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आधिकारिक जानकारी के आधार पर होनी बाकी है।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद तीनों आरोपी अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे और लोकल ट्रेन में सवार हुए। दो-तीन स्टेशन आगे उतरने के बाद उन्होंने ऑनलाइन टैक्सी बुक की और सूरत पहुंच गए। इसके बाद वे पुणे-जयपुर ट्रेन में सवार हुए। इसी दौरान उन्होंने अपने बाल काटे और कपड़े बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश की।
कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के अनुसार, आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। उनके बैग में केवल कपड़े मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार कहीं फेंक दिए। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।
आरोपियों की योजना जयपुर से दिल्ली तक बस से जाने और फिर सीमा पार कर नेपाल पहुंचने की थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और रोशन उर्फ ऋतिक के रूप में हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ऋतिक की उम्र 22 वर्ष, जबकि रेहान और फूल सिंह की उम्र 18-18 वर्ष है।
बताया जा रहा है कि फूल सिंह और रेहान मजदूरी करते हैं, जबकि ऋतिक रैपिड बाइक चलाता था। स्थानीय इलाके की जानकारी होने के कारण ऋतिक को कथित तौर पर इस साजिश में शामिल किया गया। ऋतिक ने चोरी की बाइक का इंतजाम किया था।
जांच के अनुसार, रेहान का संपर्क सबसे पहले सोनीपत निवासी समीर नाम के युवक से हुआ था। समीर ने ही कथित तौर पर उनकी बात अनिल पंडित से करवाई। इससे पहले रेहान और फूल सिंह पर अमृतसर के एक व्यापारी पर गोली चलाने की कोशिश करने का भी आरोप है। बताया गया है कि उस समय पिस्टल से गोली नहीं चल पाई थी। इस मामले में अमृतसर पुलिस ने समीर को हिरासत में लिया है।
पुलिस जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि आरोपियों को पैसे देने के साथ विदेश में नौकरी दिलाने का लालच दिया गया था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अनिल पंडित की भूमिका क्या थी, उसे किसने निर्देश दिए और वारदात के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। हथियारों की बरामदगी, कथित सुपारी के भुगतान और पूरे नेटवर्क की भूमिका को लेकर जांच जारी है।










