काबुल:पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक बार फिर हवाई हमला किया
इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और कई नागरिक घायल हुए हैं।
इससे पहले जून 2026 में पाकिस्तान ने पक्तिया, पक्तिका और कुनार में हवाई हमले किए थे
काबुल (AGENCY )) : पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक बार फिर हवाई हमला किया है। पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सोमवार तड़के अफगानिस्तान के पूर्वी इलाकों में कुनार और पक्तिका प्रांत को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और कई नागरिक घायल हुए हैं।
कुनार प्रांत के नुरगल जिले के पतंग इलाके में पाकिस्तानी विमानों ने बमबारी की। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, एक हमले में नूर मोहम्मद नाम के व्यक्ति का घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हमले के बाद स्थानीय लोग मलबे में अपना बचा हुआ सामान तलाशते नजर आए। घटनास्थल पर बमों के अवशेष मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों की आवाजाही से कुनार और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। विमान काफी देर तक इलाके के ऊपर मंडराते रहे और इसके बाद बमबारी की गई। पक्तिका में भी पाकिस्तानी विमानों द्वारा हवाई हमले किए जाने की खबर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि निशाना बनाए गए घर के अंदर कितने लोग मौजूद थे। स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन और राहत-बचाव का काम जारी है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को लेकर तनाव बना हुआ है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की धरती पर TTP के ठिकाने और उसके लड़ाके मौजूद हैं, जो पाकिस्तान में हमलों को अंजाम देते हैं। अफगानिस्तान इन आरोपों को खारिज करता रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि वह सीमा पार मौजूद आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए सैन्य कार्रवाई कर रहा है।
दोनों देशों के बीच करीब 2,640 किलोमीटर लंबी सीमा डुरंड लाइन कहलाती है। इसे 1893 में ब्रिटिश शासन के दौरान निर्धारित किया गया था। अफगानिस्तान लंबे समय से इस सीमा को आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा के तौर पर स्वीकार नहीं करता। अफगान पक्ष का कहना है कि इस सीमा ने पश्तून और बलोच आबादी वाले इलाकों को विभाजित कर दिया है। यही विवाद दोनों देशों के बीच तनाव की प्रमुख वजहों में शामिल है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगते रहे हैं। पाकिस्तान अफगानिस्तान में TTP के ठिकानों पर कार्रवाई का दावा करता है, जबकि अफगान पक्ष पाकिस्तानी हवाई हमलों और अपनी संप्रभुता के उल्लंघन का विरोध करता है। इससे दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ा है।
दोनों देशों के रिश्तों में तनाव का असर अफगान शरणार्थियों और सीमा पार व्यापार पर भी पड़ा है। पाकिस्तान की ओर से अफगान नागरिकों को वापस भेजे जाने की कार्रवाई और सीमा पर आवाजाही में रुकावटों ने भी दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित किया है। सीमा बंद होने या व्यापारिक गतिविधियां बाधित होने से दोनों ओर के कारोबार और आम लोगों की आवाजाही पर असर पड़ता है।
इससे पहले जून 2026 में पाकिस्तान ने पक्तिया, पक्तिका और कुनार में हवाई हमले किए थे। संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) ने उन हमलों में कम से कम 28 नागरिकों के मारे जाने और 49 के घायल होने की पुष्टि की थी। पाकिस्तान ने उस समय कार्रवाई को आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ अभियान बताया था, जबकि अफगान पक्ष ने नागरिकों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया था।










