श्रीनगर-आतंकियों ने कुलगाम में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की हत्या की
सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में व्यापक घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है
कश्मीर में पिछले नौ दिनों के भीतर यह दूसरा टारगेट किलिंग का मामला है।
श्रीनगर (BNE ) : कुलगाम जिले में आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत फ़ैल गयी। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में व्यापक घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए भविष्य में भी ऐसे हमले करने की धमकी दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे कुलगाम के केलम क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर दो आतंकी पहुंचे। उन्होंने वहां काम कर रहे दो श्रमिकों से कथित तौर पर पहले उनका नाम पूछा और फिर नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों श्रमिक पास ही किराये के मकान में रहते थे।
गोली लगने के बाद दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें मृत समझकर आतंकी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 24 वर्षीय दीपक रातरे, पुत्र उमा शंकर, को मृत घोषित कर दिया। वहीं 28 वर्षीय भूपेंद्र, पुत्र दशरथ, को भी देर रात उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। दीपक के सीने और भूपेंद्र के पेट में गोली लगी थी। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
कश्मीर में पिछले नौ दिनों के भीतर यह दूसरा टारगेट किलिंग का मामला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक क्षेत्र में श्री अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, पिछले वर्ष 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह इस वर्ष का दूसरा बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।










