बांकीपुर-दतिया और मांजलपुर में डाले जा रहे वोट; नतीजे 3 को
नई दिल्ली (एजेंसी ) : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर बुधवार, 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इन तीनों सीटों के चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
बिहार की बांकीपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनसुराज और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव पूर्व विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद कराया जा रहा है। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर पूर्व विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण चुनाव हो रहा है।
गुजरात की मांजलपुर सीट पर वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।
तीनों राज्यों के इन उपचुनावों को राजनीतिक दलों के लिए अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।










