
कन्नौज: नशा मुक्त युवा विकसित भारत थीम पर निकाली गई नशा मुक्त मैराथन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” थीम पर जनपद स्तरीय नशा मुक्त मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था।
मैराथन का शुभारंभ विकास भवन स्थित मनरेगा पार्क से मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलबीर सिंह, रिजर्व इंस्पेक्टर प्रणव कुमार तथा जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई तथा युवाओं से अपने जीवन एवं समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार एवं समाज की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा यदि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें तो समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
मैराथन विकास भवन स्थित मनरेगा पार्क से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए बोर्डिंग ग्राउंड पहुंची। मैराथन में पुलिस प्रशासन, मेरा युवा भारत, एनसीसी, विभिन्न फिजिकल एकेडमियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवा शक्ति–नशा मुक्त भारत की शक्ति” तथा “स्वस्थ युवा, विकसित भारत” जैसे जागरूकता नारों का उद्घोष किया गया, जिससे आमजन में भी अभियान के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
समापन अवसर पर बोर्डिंग ग्राउंड में सभी प्रतिभागियों के मध्य फल वितरण किया गया। इसके उपरांत नशा मुक्त भारत के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा बोर्डिंग ग्राउंड परिसर में स्वच्छता संबंधी श्रमदान भी किया गया, जिससे स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान” का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवा इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक युगी कटियार, अंजली श्रीवास्तव, नीलेश कुमार, शिवम सक्सेना, विकास कुमार, गोल्डी, अस्मित कटियार, दुर्गेश कुमार, श्याम सुंदर, सुमित कुमार, चक्रेश पाण्डेय सहित अन्य स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया और “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सशक्त पहल सिद्ध हुआ।
Post Views: 7