इस्लामाबाद-शारजाह से कराची आ रहा विमान हुआ लापता,मचा हड़कंप
विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे,विमान की खोज के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है
पीएए ने पुष्टि की है कि विमान में कुल पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि, उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
इस्लामाबाद (एजेंसी )) : शारजाह से कराची जा रहा एक कार्गो विमान लापता हो गया। विमान की खोज के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (पीएए) के अनुसार, के2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो विमान मंगलवार रात करीब 9:18 बजे स्थानीय समय पर कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (एसीसी) के संपर्क में था। इसी दौरान पायलट ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने की सूचना दी, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमान को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक, कुछ ही मिनट बाद विमान रडार पर तेजी से नीचे उतरता और अचानक दिशा बदलता दिखाई दिया। इसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में उसका रडार और संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके बाद से विमान का कोई पता नहीं चल सका है।
घटना के तुरंत बाद पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया। नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से समुद्र में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल विमान और उसमें सवार चालक दल के सदस्यों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीएए ने पुष्टि की है कि विमान में कुल पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि, उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बुधवार को के2 एयरवेज ने एक बयान जारी कर कहा कि वह पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (पीसीएए) और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है। कंपनी ने उम्मीद जताई कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित मिलेंगे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में इससे पहले मई 2020 में भी एक बड़ा विमान हादसा हुआ था। उस समय पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक यात्री विमान कराची हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 99 में से 97 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो यात्री जीवित बच गए थे










